Site icon Dainik Savera Times

चंडीगढ़ में किसानों की बाइक रैली… इन सड़कों पर आज ट्रैफिक डायवर्ट, भारत-अमेरिकी व्यापार समझौते का विरोध

Punjab Farmers Bike Rally

Punjab Farmers Bike Rally

पंजाब डेस्क: चंडीगढ़ में आज पंजाब के किसानों द्वारा बड़े स्तर पर बाइक रैली आयोजित की जाएगी। भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में यह रैली मोहाली से शुरू होकर सेक्टर-34 के प्रदर्शनी मैदान तक पहुंचेगी। प्रदर्शन के दौरान किसान मुख्यमंत्री और राज्यपाल के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपेंगे।

व्यापार समझौते और नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन

किसान संगठनों का कहना है कि उनका विरोध भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के साथ-साथ पंजाब की जल एवं भूमि नीतियों को लेकर भी है। प्रदर्शनकारी इन मुद्दों पर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए राज्यभर से चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं।

सुबह से दोपहर तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू

रैली को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा, जबकि कुछ स्थानों पर वाहनों की आवाजाही सीमित की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट की जानकारी जरूर लें।

पूरे पंजाब से पहुंचेंगे किसान

बीकेयू (राजेवाल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलबीर सिंह राजेवाल ने बताया कि इस विरोध प्रदर्शन में पंजाब के सभी जिलों से किसान भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह राज्यव्यापी आंदोलन है, जिसका उद्देश्य किसानों से जुड़े अहम मुद्दों को केंद्र सरकार के सामने मजबूती से उठाना है। हालांकि, रैली में शामिल होने वाले किसानों की संभावित संख्या की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

ये भी पढ़ें…

पिछली रैली में लगा था जाम

इससे पहले 11 जुलाई को सेक्टर-34 के प्रदर्शनी मैदान में विभिन्न किसान संगठनों ने इसी मुद्दे पर प्रदर्शन किया था। उस दौरान बड़ी संख्या में किसान बसों के माध्यम से चंडीगढ़ पहुंचे थे, जिससे शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक प्रभावित हुआ था। पिछले अनुभव को देखते हुए इस बार पुलिस ने पहले से व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि यातायात सुचारु बनाए रखा जा सके और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।

Exit mobile version