India-US trade : देश बचाओ मोर्चा के बुलावे पर पंजाब समेत कई राज्यों से किसान सोमवार को दिल्ली के लिए रवाना हो गए। यह रैली भारत और अमेरिका के बीच होने वाले प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के विरोध में 21 जुलाई को दिल्ली के किसान घाट पर आयोजित की जा रही है। किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने बताया कि किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के अमृतसर और गुरदासपुर जिलों से सैकड़ों बसों और गाड़ियों में किसान ब्यास ब्रिज से दिल्ली के लिए निकले हैं। इसके अलावा पंजाब के अलग-अलग जिलों से कई अन्य किसान संगठन भी अपने-अपने काफिलों के साथ दिल्ली जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सभी काफिले अपने तय कार्यक्रम के अनुसार रास्ते में अलग-अलग जगह रुकेंगे। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी का काफिला फतेहगढ़ साहिब-सरहिंद में रात रुकेगा और अगले दिन शंभू बॉर्डर के रास्ते दिल्ली पहुंचेगा। पंढेर ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच होने वाला यह ट्रेड एग्रीमेंट सिर्फ कुछ सामानों तक सीमित नहीं होगा। इसमें खेती, डेयरी, उद्योग, ई-कॉमर्स, निवेश और कई दूसरे क्षेत्रों को भी शामिल किया जा सकता है।
किसान संगठनों का कहना है कि अगर अमेरिका के सस्ते कृषि और डेयरी उत्पाद भारत में बड़ी मात्रा में आने लगे, तो इससे भारतीय किसानों, दूध उत्पादकों, छोटे व्यापारियों और छोटे उद्योगों को नुकसान हो सकता है। उनका कहना है कि अमेरिका अपने किसानों को ज्यादा सब्सिडी देता है, जबकि भारत के ज्यादातर किसान छोटे हैं। किसान नेताओं ने यह भी कहा कि भारत का डेयरी कारोबार करोड़ों ग्रामीण परिवारों की कमाई का बड़ा जरिया है। ऐसे में इस क्षेत्र पर असर पड़ने से गांवों की अर्थव्यवस्था और रोजगार पर भी बुरा प्रभाव पड़ सकता है।
देश बचाओ मोर्चा ने केंद्र सरकार से मांग की है कि भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं। साथ ही किसानों, मजदूरों, डेयरी उत्पादकों और छोटे व्यापारियों से बात किए बिना कोई समझौता नहीं किया जाए। दिल्ली जाने वाले काफिलों में कई किसान संगठनों के नेता और बड़ी संख्या में किसान शामिल हैं। सभी ने किसानों से रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...