
Farmers from 16 villages will get canal water : बठिंडा। गांव जिदा में जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने नए नहर जल चैनलों का उद्घाटन किया। करीब 14.57 करोड़ रुपये की लागत से हुए इन कार्यों से 16 गांवों में नहर सिंचाई का रकबा 5,453 एकड़ से बढ़कर 7,163 एकड़ हो जाएगा। इससे किसानों की ट्यूबवेल और बिजली पर निर्भरता घटने के साथ सिंचाई लागत में भी कमी आएगी।
कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि आज उद्घाटन किए गए इन चैनलों के नवीनीकरण पर 14.57 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिससे 16 गांवों के किसानों को फायदा होगा। इन चैनलों के नवीनीकरण से नहर सिंचाई का रकबा 5453 एकड़ से बढ़कर 7163 एकड़ हो जाएगा। जबकि पहले, इन चैनलों के पानी से 1710 एकड़ जमीन की सिंचाई होती थी। गांव जिदा में ‘न्यू माइनर’ के तहत 1.29 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई नहरों की लंबाई 5.30 किलोमीटर है और ये नहरें अब जिदा के किसानों की 500 एकड़ जमीन को नहर का पानी उपलब्ध कराएंगी।
मंत्री ने कहा कि नहरों के नवीनीकरण, विस्तार और नई नहरों के निर्माण से सिंचाई के लिए पानी का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित होगा। इससे न केवल पानी की बचत होगी, बल्कि किसानों की ट्यूबवेल पर निर्भरता कम होगी, बिजली की खपत घटेगी और सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम होगा। नतीजतन, किसानों की आय बढ़ाने और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के सरकार के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के हर हिस्से में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत, बेहतर और प्रभावी बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सिंचाई से जुड़ी ऐसी विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा, ताकि किसानों को खेती के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं समय पर मिल सकें। इससे न केवल खेती की उत्पादकता में सुधार होगा, बल्कि पानी और ऊर्जा जैसे कीमती प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...