Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

अबोहर में पानी की डिग्गी में डूबने से पिता और पुत्र की हुई मौत, जाँच में जुटी पुलिस

November 20, 2023

अबोहर में पानी की डिग्गी में डूबने से पिता और पुत्र की हुई मौत, जाँच में जुटी पुलिस

 

अबोहर:उपमंडल के गांव शेरगढ़ के खेतों में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से पिता और पुत्र की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना खुईयां सरवर पुलिस ने दोनों के शवों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि मूलरूप से राजस्थान के गांव दलियांवाली निवासी करीब 45 वर्षीय निर्मल सिंह पुत्र गुरजीत सिंह अबोहर के गांव शेरगढ़ में दो किल्ले जमीन है।

जहां फसल की देखरेख के लिए निर्मल सिंह व उसका बेटा सुखबीर सिंह यहां आते-जाते रहते हैं। लोगों ने बताया कि निर्मल सिंह के खेत के पास ही पानी की डिग्गी बनी हुई है। जिससे खेतों में फसलों की सिंचाई होती है। उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन पूर्व निर्मल के करीब 15 वर्षीय बेटे सुखबीर सिंह का मोबाईल उसकी पानी की डिग्गी में गिर गया था। उस समय इन्होंने उसे निकालने का कोई प्रयास नहीं किया।

लेकिन आज सुबह करीब 9 बजे ही दोनों पिता-पुत्र गांव दलियांवाली से शेरगढ़ पहुंचे और सुखबीर सिंह ने निर्मल सिंह से मोबाईल निकालने के बारे में बातचीत की। जिस पर सुखबीर सिंह एक रस्से के सहारे पानी की डिग्गी में उतर गया जबकि उसका पिता निर्मल सिंह ऊपर खड़े होकर रस्सा पकड़े हुए था। लोगों ने बताया कि मोबाईल की तलाश करते हुए सुखबीर सिंह गहरे पानी की ओर घुस गया और संतुलन बिगडऩे पर उसके हाथ से रस्सी छूट गई और वह पानी में डूबने लगा।

लोगों ने बताया कि अपने बेटे सुखबीर सिंह को पानी में डूबता देख निर्मल सिंह खुद भी पानी में कूद पड़ा। हालांकि निर्मल सिंह तैरना जानता था, लेकिन बेटे को बचाने के चक्कर में वह भी अपने आप को बचा नहीं सका और दोनों पिता-पुत्र की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना का पता चलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और थाना खुईयां सरवर पुलिस को सूचित किया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंच कर संस्था नर सेवा नारायण सेवा समिति के सहयोग से दोनों शवों को डिग्गी से बाहर निकलवाया। जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें