
पंजाब डेस्क: जालंधर में दिवाली से पहले पटाखा कारोबार को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। जिला प्रशासन ने पहले स्वीकृत की गई दो जगहों लम्मा पिंड चौक की चारा मंडी और नकोदर रोड स्थित खालसा स्कूल में से किसी को भी पटाखा बाजार के लिए उपयुक्त नहीं माना है। अब इन दोनों स्थानों को हटाकर, पटाखा मार्केट को बेअंत सिंह पार्क (इंडस्ट्रियल फोकल प्वाइंट) में लगाने का फैसला लिया गया है।
व्यापारियों को बड़ी राहत
नगर निगम कमिश्नर द्वारा इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया है। पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख है कि सुरक्षा कारणों और व्यापारियों की सहूलियत को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। मेयर विनीत धीर ने भी पहले ही संकेत दिए थे कि खालसा स्कूल और चारा मंडी दोनों ही स्थानों पर लॉजिस्टिक और सुरक्षा संबंधी चुनौतियां हैं, जबकि व्यापारी समुदाय की मांग बेअंत सिंह पार्क को लेकर अधिक थी।
निरीक्षण के बाद बनी सहमति
नगर निगम की निरीक्षण टीम ने हाल ही में बेअंत सिंह पार्क का दौरा किया था। निरीक्षण के बाद टीम ने पाया कि यह स्थान सुरक्षा मानकों के अनुरूप है और यहां भीड़ प्रबंधन भी आसान रहेगा। इसके बाद ही प्रशासन ने इस जगह को हरी झंडी दी।
चार्जेज में भी की गई कटौती
व्यापारियों के लिए इस बार एक और राहत की खबर है। पटाखा स्टॉल लगाने के लिए लिए जाने वाले चार्जेज में इस वर्ष कटौती की गई है। पिछली बार जहां ₹10 प्रति वर्ग फुट की दर से शुल्क वसूला गया था, इस बार यह घटाकर ₹5 प्रति वर्ग फुट कर दिया गया है।
व्यापारियों ने फैसले को अपनाया
पटाखा विक्रेताओं ने प्रशासन के इस फैसले को अपनाया किया है। उनका कहना है कि नया स्थान ज्यादा सुरक्षित और सुगम है, जिससे ग्राहक भी आसानी से पहुंच सकेंगे और बाजार व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सकेगा।