Site icon Dainik Savera Times

अमृतसर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाइयों, करियाना सामान और दूध के 5 सैंपल भरे

अमृतसर : त्योहारी सीजन के मद्देनजर आम जनता को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग, अमृतसर की ओर से जांच अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को विभाग की टीम ने मिठाई की तीन दुकानों, एक करियाना स्टोर और डेयरियों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों, करियाना से संबंधित खाद्य पदार्थों और दूध के कुल पांच एन्फोर्समेंट सैंपल लिए गए।

यह कार्रवाई CFDA मैडम आईएएस कंवलप्रीत कौर बराड़, डिप्टी कमिश्नर तथा सिविल सर्जन के निर्देशों के तहत की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करना, खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना और लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा करना है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में अमृतसर के डिजिग्नेटेड ऑफिसर डॉ. मंजीत सिंह रटौल तथा फूड सेफ्टी ऑफिसर कमलदीप कौर, अमृतसर-3 शामिल रहे।

टीम ने विभिन्न खाद्य कारोबार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रखरखाव और सुरक्षा से संबंधित पहलुओं की जांच की। निरीक्षण अभियान के दौरान टीम ने मिठाइयों, करियाना से संबंधित खाद्य वस्तुओं और दूध के कुल पांच सैंपल एकत्र किए। विभाग की ओर से लिए गए सैंपलों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच करवाई जाएगी। यदि जांच रिपोर्ट में किसी खाद्य पदार्थ के निर्धारित मानकों पर खरा न उतरने की पुष्टि होती है, तो संबंधित खाद्य कारोबारी के खिलाफ कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जा सकती है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मिठाई विक्रेताओं, करियाना दुकानदारों और डेयरी संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है। मिठाइयां तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखना उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।

Exit mobile version