Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

DIG भुल्लर के बाद पूर्व AIG गिरफ्तार, 8 साल पुराने मामले में हुई कार्रवाई

October 29, 2025

DIG भुल्लर के बाद पूर्व AIG गिरफ्तार, 8 साल पुराने मामले में हुई कार्रवाई

अमृतसर: पंजाब स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के पूर्व AIG रशपाल सिंह को एक पुराने मामले में गंभीर आरोपों के चलते गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि रछपाल सिंह पर एक व्यक्ति को झूठे नशे के केस में फँसाने का आरोप है। जालंधर एसटीएफ की टीम ने पूर्व AIG को अमृतसर से हिरासत में लिया और अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन की पुलिस रिमांड हासिल की है।

मामले की जड़ 2017 की गिरफ्तारी से जुड़ी

यह पूरा मामला साल 2017 से जुड़ा है, जब अमृतसर निवासी बलविंदर सिंह को एसटीएफ ने सिविल अस्पताल पट्टी से हिरासत में लिया था। पुलिस ने दावा किया था कि बलविंदर के पास से एक किलो हेरोइन बरामद हुई है और वह पाकिस्तान से नशे की खेप लाने में शामिल था। इस मामले में तीन और लोगों के नाम भी सामने आए थे।

बाद में एसटीएफ ने अपनी जांच रिपोर्ट में कहा कि एक आरोपी भौर सिंह के खेत से 4 किलो 530 ग्राम हेरोइन, एक पिस्तौल, तीन मैगजीन और 56 कारतूस बरामद किए गए। इस आधार पर पुलिस ने बलविंदर सिंह, मेजर सिंह और भौर सिंह के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया।

हाईकोर्ट की निगरानी में शुरू हुई नई जांच

बलविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि उसे फर्जी केस में फँसाया गया है और उसने उच्च न्यायालय में न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद, नवंबर 2019 में हाईकोर्ट ने डीजीपी प्रमोद को मामले की जांच सौंप दी।

जांच के दौरान कॉल डिटेल्स, लोकेशन डेटा और सीसीटीवी फुटेज से पुलिस की कहानी पर संदेह गहरा गया। रिपोर्ट के अनुसार, घटनास्थल पर बलविंदर की मौजूदगी साबित नहीं हुई। इसी आधार पर जनवरी 2021 में हाईकोर्ट ने केस की जांच सीबीआई को ट्रांसफर कर दी थी।

ये भी पढ़ें: कनाडा में अब इस पंजाबी सिंगर के घर पर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

फर्जी बरामदगी का हुआ खुलासा

जांच में यह सामने आया कि असल में गुरजंत सिंह उर्फ सोनू नामक व्यक्ति से एक किलो हेरोइन बरामद की गई थी, लेकिन पूरा मामला बलविंदर सिंह के सिर पर मढ़ दिया गया। गुरजंत सिंह को छोड़ दिया गया और पुलिस ने एक फर्जी कहानी तैयार कर बलविंदर को गिरफ्तार कर लिया।

पूर्व एआईजी की गिरफ्तारी से मामला फिर सुर्खियों में

करीब आठ साल पुराने इस केस में अब पंजाब पुलिस ने पूर्व एआईजी रछपाल सिंह को गिरफ्तार कर कार्रवाई को नया मोड़ दे दिया है। सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियों के पास ऐसे सबूत हैं जो यह साबित करते हैं कि फर्जी बरामदगी में उच्च पुलिस अधिकारियों की भूमिका रही है। अमृतसर के सिविल लाइंस थाने में रखे गए रछपाल सिंह से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें