Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर आए चार लोगों पर हमला करने के आरोप, घायल किसान और चाचा को मोगा से लुधियाना किया रेफर

November 16, 2026

ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर आए चार लोगों पर हमला करने के आरोप, घायल किसान और चाचा को मोगा से लुधियाना किया रेफर

मोगा: जिले के थाना सिटी साउथ मोगा के अंतर्गत आते गांव जैतो खोसा कोठे चड़िक में जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के चार लोगों पर किसान और उसके चाचा के साथ मारपीट करने तथा उन्हें चोटें पहुंचाने के आरोप लगे हैं। घटना में घायल किसान और उसके चाचा को उपचार के लिए पहले सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती करवाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें डीएमसी अस्पताल लुधियाना रेफर कर दिया।

पुलिस को दिए बयान में गांव जैतो खोसा कोठे चड़िक निवासी जगमैल सिंह पुत्र पूरन सिंह ने बताया कि उनके गांव में एक लाल लकीर के अंदर बिना नंबर वाली जगह है, जिस पर उनका लंबे समय से कब्जा चला आ रहा है। उक्त जगह पर वह खेतीबाड़ी करते हैं और इसी जमीन पर गेहूं की बिजाई करने की तैयारी कर रहे थे।

जगमैल सिंह के अनुसार, जब वह अपनी जमीन पर गेहूं की बिजाई की तैयारी कर रहे थे, तभी आरोपी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर वहां पहुंच गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने आते ही उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके तथा उसके चाचा सुखमंदर सिंह पुत्र बचित्तर सिंह के साथ मारपीट की। इस दौरान दोनों को चोटें आईं।

घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए डीएमसी अस्पताल लुधियाना रेफर कर दिया।

चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर थाना सिटी साउथ मोगा की पुलिस ने गांव जैतो खोसा कोठे चड़िक निवासी सरवण सिंह पुत्र सुबेग सिंह, मुख्तियार सिंह पुत्र सुबेग सिंह, बिक्कर सिंह पुत्र सुबेग सिंह और देविंदर सिंह पुत्र मुख्तियार सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं 329(3), 115(2), 62 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस की ओर से मामले को लेकर आगे की जांच की जा रही है। जमीन पर कब्जे को लेकर हुए इस विवाद में दोनों पक्षों के बीच पहले से क्या रंजिश थी और घटना के दौरान वास्तव में क्या परिस्थितियां बनीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें