Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

जालंधर में दुकानदार से भिड़े पंजाब गोशाला कमीशन के वाइस चेयरमैन

August 8, 2026

जालंधर में दुकानदार से भिड़े पंजाब गोशाला कमीशन के वाइस चेयरमैन

जालंधर: महानगर के अवतार नगर में पंजाब गोशाला कमीशन के वाइस चेयरमैन कीमती लाल भगत और एक दुकानदार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। विवाद बढ़ने के बाद कीमती लाल भगत ने दुकान के बाहर रखा सामान उठाकर सड़क पर फेंक दिया।

कार निकालने में हो रही थी परेशानी
बताया जा रहा है कि कीमती लाल भगत अपनी कार से अवतार नगर की एक गली से गुजर रहे थे। गली में दुकान के बाहर सामान रखा हुआ था, जिसकी वजह से उनकी कार को निकलने में परेशानी हो रही थी। इस पर उन्होंने कार रुकवा ली और दुकानदार से सामान हटाने को लेकर बात करने लगे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई।

गनमैन ने भी दुकानदार से सामान हटाने को कहा
विवाद के दौरान कीमती लाल भगत का गनमैन भी कार से बाहर आया। उसने दुकानदार से दुकान के बाहर रखा सामान हटाने के लिए कहा। बताया जा रहा है कि दुकानदार उस समय अंदर था और वह बाहर नहीं आया। इसके बाद मामला और गर्म हो गया।

गुस्से में खुद सामान सड़क पर फेंकने लगे
दुकानदार के बाहर नहीं आने पर कीमती लाल भगत खुद कार से बाहर आए। इसके बाद उन्होंने दुकान के बाहर रखी कोल्ड ड्रिंक की पेटियों को एक-एक करके उठाया और सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। उन्होंने दुकान के बाहर रखे नमकीन के पैकेट और अन्य सामान को भी सड़क पर बिखेर दिया। देखते ही देखते दुकान के सामने काफी सामान सड़क पर फैल गया।

सड़क पर बिखरी बोतलों से लगा जाम
कोल्ड ड्रिंक की बोतलें और अन्य सामान सड़क पर फैलने के कारण वहां से गुजरने वाले वाहनों को परेशानी होने लगी। सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई और कुछ समय के लिए रास्ता भी प्रभावित हुआ।

लोगों ने सामान हटाकर रास्ता खुलवाया
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने सड़क पर बिखरा सामान उठाना शुरू किया। लोगों ने कोल्ड ड्रिंक की बोतलें, नमकीन के पैकेट और अन्य सामान एक तरफ किया, ताकि वाहनों के लिए रास्ता साफ हो सके। इस पूरी घटना के दौरान दुकानदार और कीमती लाल भगत के बीच काफी देर तक बहस भी होती रही। घटना को लेकर इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें