Site icon Dainik Savera Times

पंजाब में बड़ी वारदात: सुक्खा काहलवां के करीबी ‘गोपी निज्जर’ की गोली मारकर हत्या

Gopi Nijjar Murder

Gopi Nijjar Murder

पंजाब डेस्क: कपूरथला जिले के ढिलवां क्षेत्र में आज गोलीबारी की वारदात सामने आई है। बता दें कि जीटी रोड पर एवन पैलेस के पास एक कार में बैठे युवक की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात इतनी तेजी से हुई कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निज्जर, निवासी गांव जैरामपुर (थाना सुभानपुर) के रूप में हुई है। गोपी का नाम कुख्यात गैंगस्टर सुक्खा काहलवां हत्याकांड से जुड़ा रहा है और वह इस केस में अंतिम जीवित गवाह माना जाता था। बताया जा रहा है कि बाकी गवाह पहले ही अपने बयान से मुकर चुके थे, लेकिन गोपी अपने बयान पर कायम था।

कार के शीशे से की गई फायरिंग

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गुरप्रीत सिंह अपनी कार में ड्राइवर सीट पर बैठा हुआ था, तभी हमलावर वहां पहुंचे और सामने से वाहन के शीशे के जरिए गोलियां चला दीं। गोली सीधे उसे लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

इस वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमले की पुष्टि होती दिख रही है। घटना की सूचना मिलते ही थाना ढिलवां पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

शव कब्जे में लेकर जांच शुरू

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल कपूरथला की मोर्चरी में भेज दिया है। शुरुआती जांच के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संभावित आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

ये भी पढ़ें…

गैंगवार की आशंका से जांच तेज

गोपी की हत्या को पुलिस गैंगवार और पुरानी रंजिश से जोड़कर भी देख रही है। उसका नाम सुक्खा काहलवां केस में अहम गवाह के रूप में सामने आने के कारण पहले से ही संवेदनशील माना जा रहा था।

ये भी पढ़ें…

Exit mobile version