Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत सरकार ने स्वास्थ्य और तंदरुस्ती केंद्र खोलने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए पंजाब को किया सम्मानित

December 21, 2022

भारत सरकार ने स्वास्थ्य और तंदरुस्ती केंद्र खोलने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए पंजाब को किया सम्मानित

चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व अधीन पंजाब अपने स्वास्थ्य सूचकों में लगातार सुधार कर रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में पंजाब को अग्रणी राज्य बनाने संबंधी पंजाब सरकार के संकल्प के अंतर्गत पिछले आठ महीनों से किए जा रहे यत्नों के नतीजे सामने आने लगे हैं क्योंकि पंजाब स्वास्थ्य के क्षेत्र में केंद्र सरकार की मान्यता हासिल कर रहा है। ऐसी एक मान्यता के अंतर्गत, पंजाब को यूनिवर्सल हैल्थ कवरेज दिवस के मौके पर दिसंबर-2022 के लिए निर्धारित समय-सीमा से पहले स्वास्थ्य और तंदरुस्ती केंद्र (एच. डब्ल्यू. सीज़) खोलने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया है।

इस उपलब्धि संबंधी और जानकारी देते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने बताया कि भारत सरकार की तरफ से दिसंबर-2022 तक 2810 एच. डब्ल्यू. सीज खोलने के निश्चित लक्ष्य के मुकाबले पंजाब ने राज्य में 2989 एच. डब्ल्यू. सीज को सफलतापूर्वक कार्यशील किया है। यह राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सहूलतें प्रदान करने की दिशा की तरफ एक बड़ा कदम है और स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए सरकार की तरफ से किये जा रहे यत्नों को उजागर करता है।

एच. डब्ल्यू. सीज़ के कामकाज संबंधी बोलते हुये जौड़ामाजरा ने कहा कि यह सैंटर प्राइमरी और रोकथाम वाली स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं में अहम भूमिका निभाते हैं। यह सैंटर लगभग 5000 की आबादी को देखभाल सेवाएं प्रदान करते हैं और इस सैंटर में एक कम्युनिटी हैल्थ अफ़सर, एक ए. एन. एम., एक हैल्थ वर्कर और आशा वर्कर सेवाएं प्रदान करते हैं। इन्टरनेट सुविधा से लैस यह सैंटर जनता के लिए टैलीमेडीसन नोडल प्वाइंट के तौर पर भी काम करते हैं। इस सैंटर के अधिकार क्षेत्र में रहते 30 साल से अधिक उम्र के सभी व्यक्तियों को सूचीबद्ध किया जाता है और किसी ग़ैर संचारी बीमारी की पहचान के लिए नज़दीकी उच्च स्वास्थ्य संस्था में शक्की व्यक्तियों की जांच की जाती है।

मंत्री ने इस उपलब्धि को हासिल करने में अहम भूमिका निभाने वाले स्वास्थ्य अधिकारियों की तरफ से जा रही सख़्त मेहनत की प्रशंसा की और उनको मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिशा-निर्देशों अनुसार भविष्य में भी इसी तरह पंजाब के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सहूलतें प्रदान करने के लिए तनदेही से काम करने के लिए प्रेरित किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें