Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

जाखड़ ने अपने झूठ से पंजाब, पंजाबियत के समृद्ध इतिहास का अपमान किया : कंग

January 7, 2024

जाखड़ ने अपने झूठ से पंजाब, पंजाबियत के समृद्ध इतिहास का अपमान किया : कंग

चंडीगढ़/जालंधरः (धालीवाल, योगी)। गणतंत्र दिवस के लिए भेजी गई पंजाब की झांकी में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की तस्वीरें होने के बारे में झूठ बोलने पर आम आदमी पार्टी (आप) ने एक बार फिर भाजपा पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ पर हमला बोला है। शनिवार को चंडीगढ़ पार्टी कार्यालय में आप प्रवक्ता गोविंदर मित्तल के साथ संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने सवाल करते हुए कहा कि सुनील जाखड़ को बेकार बातों के बारे में बात करने के बजाय यह बताना चाहिए कि उन्होंने भगवंत सिंह मान और अरविंद केजरीवाल की तस्वीरों के बारे में झूठ क्यों बोला? कंग ने कहा कि पंजाब के इतिहास और संस्कृति का प्रतिनिधित्व करने वाली हमारी झांकियों को केंद्र की भाजपा सरकार ने खारिज कर दिया।

ऐसे वक्त में पंजाब के लिए स्टैंड लेने के बजाय भाजपा के पंजाब अध्यक्ष ने राज्य सरकार को बदनाम करने के लिए झूठ फैलाने का रास्ता चुना। अपने झूठ के माध्यम से सुनील जाखड़ ने पंजाब, पंजाबी, पंजाबियत और पंजाब की समृद्ध संस्कृति व इतिहास का अपमान किया है। कंग ने कहा कि अब भारत सरकार के रक्षा मंत्रलय ने स्पष्ट कर दिया है कि 26 जनवरी की परेड के लिए पंजाब की झांकी का जो कांसैप्ट केंद्र सरकार को भेजा गया था, उसमें अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान की तस्वीरें नहीं थी। इसलिए, अब सुनील जाखड़ को पंजाब के शहीदों और समृद्ध विरासत का अपमान करने के लिए पंजाब के लोगों से तुरंत माफी मांगनी चाहिए या अगर वह अपने बयान पर कायम हैं, तो उन्हें तस्वीरों का सबूत देना चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें