Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

बठिंडा की दाना मंडी में धान की सरकारी खरीद शुरू, मेयर और डिप्टी कमिश्नर ने करवाई बोली

October 7, 2026

बठिंडा की दाना मंडी में धान की सरकारी खरीद शुरू, मेयर और डिप्टी कमिश्नर ने करवाई बोली

बठिंडा: पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार जिले में 1 अक्टूबर से धान की सरकारी खरीद शुरू हो चुकी है। इसी के तहत आज नगर निगम बठिंडा के मेयर पदमजीत सिंह मेहता और डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने बठिंडा की दाना मंडी में धान की ढेरी की बोली करवाकर सरकारी खरीद की शुरुआत करवाई।

14.74 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य

धान की खरीद को लेकर मीडिया से बातचीत करते हुए मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने कहा कि किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिले में स्थापित खरीद केंद्रों के माध्यम से 14.74 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

किसानों से सूखा धान मंडियों में लाने की अपील

डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने जिले के किसानों से अपील की कि वे मंडियों में सूखा धान ही लेकर आएं, ताकि उनकी फसल की समय पर खरीद सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी किसानों को धान की खरीद, उठान और भुगतान से संबंधित किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

मंडियों में पानी, छांव और सफाई के इंतजाम

डीसी राजेश धीमान ने बताया कि मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए पीने के पानी, छांव, साफ-सफाई और शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

उन्होंने सभी खरीद एजेंसियों के जिला प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि मंडियों में बारदाना समय पर उपलब्ध करवाया जाए। साथ ही खरीदे गए धान की लिफ्टिंग और भुगतान भी समय पर सुनिश्चित किया जाए।

सुबह 10 से शाम 6 बजे तक ही धान की कटाई

डिप्टी कमिश्नर ने जिले के कंबाइन मालिकों को निर्देश दिया कि धान की कटाई सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ही की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय के बाद यदि कोई कंबाइन चलती हुई पाई गई तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तुरंत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर मार्केट कमेटी बठिंडा के चेयरमैन बल्ली बलजीत, फूड एवं सिविल सप्लाई अधिकारी हरशित मेहता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

📍 Location: Bathinda

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें