Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

सरकारी स्कूलों और राशन डिपो की औचक जांच, मिड-डे मील और राशन व्यवस्था में मिली खामियां

August 25, 2026

सरकारी स्कूलों और राशन डिपो की औचक जांच, मिड-डे मील और राशन व्यवस्था में मिली खामियां

लुधियाना: पंजाब स्टेट फूड कमीशन के सदस्य श्री चेतन प्रकाश धालीवाल ने 24 और 25 अगस्त को लुधियाना जिले का औचक दौरा किया। इस दौरान नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट-2013 के तहत चल रही विभिन्न योजनाओं की जांच की गई।

स्कूलों में मिड-डे मील और राशन व्यवस्था में खामियां

दौरे के दौरान सुखदेव नगर, मुंडियां कलां, मुंडियां खुर्द के सरकारी स्कूलों और स्कूल ऑफ एमिनेंस का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई स्थानों पर मिड-डे मील और राशन व्यवस्था में खामियां सामने आईं।

सुखदेव नगर और मुंडियां कलां के स्कूलों में चावल में सुंसरी पाए जाने की बात सामने आई। इसके अलावा पानी के टीडीएस स्तर और खराब पड़े आरओ सिस्टम से जुड़ी कमियां भी मिलीं। कई स्कूलों में राशन की बोरियां खुले में फर्श पर रखी हुई मिलीं।

समय से पहले बच्चों को खिलाया गया मिड-डे मील

स्कूल ऑफ एमिनेंस, मुंडियां कलां में बच्चों को निर्धारित समय से पहले सुबह करीब 10:30 बजे ही मिड-डे मील खिलाए जाने की बात सामने आई। वहीं, मुंडियां खुर्द के स्कूल में सब्जी में जरूरत से ज्यादा पानी पाया गया, जबकि राजमा और चावल भी ठीक से पके हुए नहीं मिले।

आंगनवाड़ी केंद्रों में भी मिलीं कमियां

आंगनवाड़ी केंद्रों की जांच के दौरान मुंडियां कलां और मुंडियां खुर्द के केंद्रों में पिछले दो महीनों से राशन नहीं पहुंचने की जानकारी मिली। मुंडियां खुर्द स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आंगनवाड़ी वर्कर भी गैरहाजिर मिली।

राशन डिपो की जांच में भी सामने आई अनियमितताएं

विभिन्न राशन डिपो की जांच के दौरान भी कई खामियां सामने आईं। टिब्बा रोड के एक स्थान पर एक ही दुकान के अंदर दो राशन डिपो चलते मिले। वहीं, एक अन्य स्थान पर एक ही दुकान के अंदर 6 से 7 डिपो चलाए जाने की बात सामने आई।

एक डिपो पर गेहूं में नमी भी पाई गई। इसके अलावा कुछ डिपो पर शिकायत बॉक्स और जागरूकता बैनर भी नहीं लगे हुए थे।

लाभार्थियों को हेल्पलाइन की दी गई जानकारी

दौरे के दौरान लाभार्थियों को पंजाब स्टेट फूड कमीशन की सेवाओं और हेल्पलाइन नंबर 9876764545 के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट के तहत मिलने वाली सुविधाओं से संबंधित शिकायत अतिरिक्त उपायुक्त (विकास) के पास भी दर्ज करवाई जा सकती है।

📍 Location: Ludhiana

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें