Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

एशियन गेम्स में तीसरा पदक जीतकर लौटे ओलंपियन तेजिंदरपाल सिंह तूर का भव्य स्वागत

October 3, 2026

एशियन गेम्स में तीसरा पदक जीतकर लौटे ओलंपियन तेजिंदरपाल सिंह तूर का भव्य स्वागत

पटियाला : एशियन गेम्स में एथलैटिक्स के शॉटपुट मुकाबले में लगातार तीसरा पदक जीतकर पटियाला लौटे पंजाब पुलिस के डीएसपी एवं ओलंपियन तेजिंदरपाल सिंह तूर का पंजाबी यूनिवर्सिटी में जिला प्रशासन और खेल प्रेमियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। विधायक गुरलाल घनौर के नेतृत्व में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाडि़यों और पटियाला निवासियों ने भाग लिया तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पटियाला, पंजाब और देश का नाम रोशन करने वाले ओलंपियन तूर का फूलों से स्वागत एवं सम्मान किया।

इस अवसर पर लगातार दो एशियन गेम्स में शॉटपुट का स्वर्ण पदक जीतने और इस बार रजत पदक हासिल करने वाले ओलंपियन तेजिंदरपाल सिंह तूर ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पंजाब सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार द्वारा खिलाडि़यों का साथ दिया जा रहा है और उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली चोटों के कारण इस बार वह स्वर्ण पदक हासिल करने से चूक गए। ओलंपियन तेजिंदरपाल सिंह तूर का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए विधायक गुरलाल घनौर ने कहा कि तूर की शानदार उपलब्धि युवा खिलाडि़यों के लिए बड़ी प्रेरणा है।

घनौर ने उम्मीद जताई कि ओलंपियन तेजिंदरपाल सिंह तूर आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए और पदक जीतेंगे। इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम गुरदेव सिंह, दलजीत सिंह राणा, जिला खेल अधिकारी नवजोत सिंह धालीवाल, अंतरराष्ट्रीय पहलवान एवं रेसलिंग एसोसिएशन पटियाला के अध्यक्ष रणधीर सिंह, एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हरभजन सिंह सहित बड़ी संख्या में पटियाला निवासी, खेल प्रेमी और परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें