Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुलाब चंद कटारिया ने 2,394 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को 10.18 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की

March 26, 2025

गुलाब चंद कटारिया ने 2,394 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को 10.18 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की

चंडीगढ़: पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज चंडीगढ़ प्रशासन की नई खेल नीति के तहत 2,394 खिलाड़ियों को 10.18 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की। यह भव्य कार्यक्रम चंडीगढ़ के सेक्टर-42 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स में आयोजित किया गया, जहां कटारिया ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक मजबूती प्रदान करते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व कौशल विकसित करने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए चंडीगढ़ की नई खेल नीति लागू की गई है। इस नीति के तहत विभिन्न श्रेणियों में खिलाड़ियों के लिए छात्रवृत्ति की राशि में बढ़ोतरी की गई है। अंडर-23 श्रेणी में स्वर्ण पदक विजेता को ₹60,000, रजत पदक विजेता को ₹54,000 और कांस्य पदक विजेता को ₹48,000 की छात्रवृत्ति मिलेगी। इसी प्रकार अंडर-19 वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता को 48,000, रजत पदक विजेता को 42,000 तथा कांस्य पदक विजेता को 36,000 की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। वहीं अंडर-14 वर्ग में स्वर्ण पदक के लिए 36,000, रजत पदक के लिए 30,000 तथा कांस्य पदक के लिए 24,000 की छात्रवृत्ति निर्धारित की गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को दिए जा रहे महत्व की सराहना करते हुए प्रशासक ने कहा कि खेलो इंडिया कार्यक्रम के बजट में तीन गुना वृद्धि की गई है, जिससे देश भर में खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिली है। इससे उभरते खिलाड़ियों को अधिक संसाधन मिलेंगे तथा वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकेंगे। उन्होंने इस पहल को खेल जगत के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे भारत की खेल प्रतिभाओं को वैश्विक मंच पर चमकने का सुनहरा अवसर मिलेगा। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने चंडीगढ़ के खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह शहर ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा, क्रिकेट लीजेंड कपिल देव और हॉकी के दिग्गजों की भूमि रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा उठाए गए ऐसे कदमों से भविष्य में और अधिक खेल प्रतिभाएं सामने आएंगी।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने खेल छात्रवृत्ति प्राप्तकर्ताओं को चेक वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा, “हर खिलाड़ी में अपार संभावनाएं होती हैं। अगर आप अनुशासन, कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन के साथ आगे बढ़ेंगे तो दुनिया की कोई भी ताकत आपको सफल होने से नहीं रोक सकती।”

इस कार्यक्रम में चंडीगढ़ के मुख्य सचिव राजीव वर्मा भी मौजूद थे। उनके साथ राज्यपाल के प्रधान सचिव विवेक प्रताप सिंह, खेल सचिव प्रेरणा पुरी, खेल निदेशक सोरभ कुमार अरोड़ा और खेल विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

ये भी पढ़ें- 14 अप्रैल को तय होगा बिहार का सीएम? बीजेपी ने शिवराज सिंह चौहान को सौंपी जिम्मेदारी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें