
पंजाब डेस्कः गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह जी में रविवार को निर्माणाधीन लंगर हॉल की छत की लोहे की शटरिंग अचानक टूटकर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य महिलाएं घायल हो गईं। बता दें हादसे के समय वहां लंगर सेवा और माथा टेकने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।
ये भी पढ़ें :-
हादसे में हुए घायलों को तुरंत श्री गुरु रामदास अस्पताल और सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार कुछ महिलाओं के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिनका डॉक्टरों की टीम लगातार उपचार में जुटी हुई है।
दूसरी ओर हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर एडीसीपी अमनदीप कौर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। उन्होंने कहा कि हादसे के समय लंगर हॉल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। शटरिंग गिरने के बाद अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद संगत और प्रशासन की मदद से मलबे में फंसी महिलाओं को बाहर निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी, जिसके बाद लोहे की प्लेटें नीचे आ गिरीं। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
एक घायल महिला ने बताया कि वह माथा टेकने के लिए लाइन में खड़ी थी। अचानक तेज झटका लगा और वह नीचे गिर गई। होश आने पर उसे पता चला कि कई महिलाएं घायल हो चुकी थीं। महिला के सिर में गंभीर चोट आई है और टांके लगाए गए हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।
ये भी पढ़ें :-
मेष: दिन शुभ रहेगा...