Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

युद्ध नशेयां विरुद्ध मुहिम पर Harbhajan Singh का बड़ा बयान, बोले- नशा तस्करों का घर गिराना ठीक नहीं

March 20, 2025

युद्ध नशेयां विरुद्ध मुहिम पर Harbhajan Singh का बड़ा बयान, बोले- नशा तस्करों का घर गिराना ठीक नहीं

War against drugs campaign: पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने पंजाब सरकार की युद्ध नशेयां विरुद्ध मुहिम पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नशा बेचने वालों के घर गिराना सही नहीं है, बल्कि अन्य वैकल्पिक उपायों पर काम किया जाना चाहिए।

हरभजन सिंह ने कहा, अगर कोई नशा बेचता है तो उसका घर गिरा देना मुझे ठीक नहीं लगता। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि अगर किसी के पास घर है, तो उसे तोड़ना सही विकल्प नहीं है। राज्यसभा सदस्य ने कहा, अगर कोई सरकारी जमीन पर बैठा है, तो उस पर कार्रवाई हो सकती है, लेकिन जिनके पास घर है, उन्हें वह घर रहने दिया जाना चाहिए।

हरभजन सिंह ने आगे कहा कि कोशिश यह होनी चाहिए, अगर किसी ने घर बनवा ही लिया है, तो उन्हें उस घर में रहने देना चाहिए। किसी का घर तोड़ देना अच्छा विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति ने पता नहीं कैसे घर बनाया होगा।

हरभजन सिंह ने इसके अलावा, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा पर हाल ही में कांग्रेस नेता द्वारा की गई टिप्पणियों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति, चाहे वह रोहित शर्मा हो या कोई और, उसकी शारीरिक स्थिति पर टिप्पणी करना गलत है।

हरभजन सिंह ने कहा कि इसके बारे में मैंने पहले भी बात की थी कि कोई इंसान दूसरे इंसान को देख रहा है कि वह मोटा हो गया या फिर पतला हो गया, लेकिन शरीर के अंदर क्या चल रहा है, वह सिर्फ उस इंसान को पता है। रोहित शर्मा ऐसा खिलाड़ी हैं, जिन्होंने क्रिकेट के जरिए देश के लिए बहुत कुछ किया है। पिछले दिनों उन्होंने बतौर कप्तान इनिंग खेली है और टीम को लीड किया, जिसकी बदौलत चैंपियंस ट्रॉफी भारतीय टीम को मिली।

उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा ने भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया है और उनकी फिटनेस पर टिप्पणी करना बेतुका है। हरभजन ने यह सुझाव दिया कि जो लोग दूसरों की आलोचना करते हैं, उन्हें पहले खुद की सफाई करनी चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें