पटियाला: पंजाब के लोक निर्माण एवं बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ आज पटियाला स्थित लोक निर्माण विभाग के मुख्यालय पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने राज्य की विभिन्न योजनाओं के तहत चल रहे कार्यों सहित राज्य की सड़कों के निर्माण कार्यों के संबंध में अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की तथा कार्यों का गहन मूल्यांकन किया। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के लोगों की गाढ़ी कमाई का एक-एक पैसा लोगों को गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने पर खर्च कर रही है, इसलिए विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने विभाग द्वारा अन्य विभागों में करवाए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूरे हो जाएं तथा यदि किसी अन्य विभाग से स्वीकृति या अनापत्ति प्राप्त करने में कोई विलम्ब हो रहा है तो उसमें तेजी लाई जाए ताकि इनमें देरी के कारण कोई कार्य लंबित न रहे। कैबिनेट मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के लगभग 150 वर्ष पुराने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि यह विभाग राज्य के विकास की रीढ़ है तथा राज्य के बुनियादी ढांचे के विकास में इसका बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं भी समय-समय पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करना सुनिश्चित करें तथा नए शुरू किए जाने वाले कार्यों की प्रक्रिया में भी तेजी लाएं ताकि प्रदेश के विकास का पहिया तेजी से दौड़ सके।
इस अवसर पर लोक निर्माण एवं ऊर्जा मंत्री ने विभाग के मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ बैठक की तथा सभी परियोजनाओं व कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मुख्यालय में कार्यरत लगभग 300 कर्मचारियों से बातचीत की तथा कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं। इस अवसर पर विभाग के सभी अधीक्षण अभियंता सहित विभिन्न शाखाओं के अधिशासी अभियंता एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

