Site icon Dainik Savera Times

मेहनत बनी मिसाल; विदेश जाने का सपना छोड़ा, मोगा में शुरू किया अपना कारोबार

मोगा: आज के दौर में जहां युवाओं और परिवारों में विदेश जाने की होड़ लगी हुई है, वहीं मोगा की रहने वाली परमजीत कौर ने विदेश जाने का सपना छोड़कर अपनी ही धरती पर मेहनत और ईमानदारी से आगे बढ़ने का रास्ता चुना है। गुरसिख एवं अमृतधारी परमजीत कौर ने करीब दो वर्ष पहले मोगा में खाने-पीने का छोटा सा कारोबार शुरू किया था। आज उनका यह छोटा प्रयास लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बना रहा है।

परमजीत कौर ने बताया कि उनका सपना विदेश जाकर काम करने का था। इसके लिए उन्होंने निजी नौकरी के साथ विदेश जाने की तैयारी भी की, लेकिन बाद में उन्होंने अपना विचार बदला और खुद का कारोबार शुरू करने का फैसला किया। उनका मानना है कि यदि अपनी धरती पर मेहनत करके कारोबार खड़ा किया जा सकता है तो दूसरे देश में जाकर नौकरी करने की बजाय अपने ही काम को आगे बढ़ाना बेहतर है।

वह अपने स्टॉल पर आलू और गोभी के पराठे, मिक्स पराठा, सादी रोटी, छोले-भटूरे, चाय, कढ़ी-चावल और राजमा-चावल सहित कई प्रकार के व्यंजन तैयार करती हैं। आम लोगों की पहुंच को ध्यान में रखते हुए सादी रोटी की कीमत मात्र 20 रुपये रखी गई है। परमजीत का कहना है कि कारोबार में ईमानदारी, साफ-सफाई और उचित कीमत को प्राथमिकता देने के कारण ग्राहकों का लगातार प्यार मिल रहा है।

परमजीत कौर के पति भी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करते हैं। वह भी पहले निजी नौकरी करते थे, लेकिन अब दोनों मिलकर अपना कारोबार चला रहे हैं। परिवार की ओर से भी उन्हें पूरा सहयोग मिल रहा है। घर में उनकी माता बच्चे की देखभाल और अन्य घरेलू जिम्मेदारियों में हाथ बंटाती हैं। परिवार के इस सहयोग से दोनों का हौसला और बढ़ा है।

परमजीत बताती हैं कि यदि उनके स्टॉल पर कोई जरूरतमंद व्यक्ति आ जाए और उसके पास खाना खरीदने के पैसे न हों तो उसे बिना पैसे लिए खाना खिला दिया जाता है। वह इसे अपनी उपलब्धि नहीं बल्कि गुरु साहिब की कृपा मानती हैं। हर दिन काम शुरू करने से पहले वह गुरु साहिब के समक्ष अरदास करके अपने काम की शुरुआत करती हैं।

परमजीत कौर का संदेश है कि महिलाओं और युवाओं को झिझक छोड़कर मेहनत और हाथों की कारीगरी को अपनाना चाहिए। उनका सपना है कि आने वाले समय में इस छोटे कारोबार को बड़े स्तर तक ले जाकर अपना होटल शुरू किया जाए। उनका कहना है कि मेहनत, ईमानदारी और परिवार के सहयोग के साथ पंजाब में रहकर भी सफलता हासिल की जा सकती है।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version