
मोगा: भारतीय जनता पार्टी ने युवा नेता हरमनदीप सिंह मीता को भारतीय जनता युवा मोर्चा पंजाब का प्रदेश सचिव नियुक्त किया है। इस नियुक्ति से मोगा में उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। हरमनदीप सिंह मीता ने इस जिम्मेदारी के लिए पार्टी की वरिष्ठ लीडरशिप का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह सौंपी गई नई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, मेहनत और समर्पण भाव से निभाएंगे।
हरमनदीप सिंह मीता ने भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, प्रदेश संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलु, जोनल प्रभारी अनिल सरीन, भाजपा युवा मोर्चा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अनुज खोसला और मोगा के जिला अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की वरिष्ठ लीडरशिप ने उन पर विश्वास जताते हुए जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
गौरतलब है कि हरमनदीप सिंह मीता लंबे समय से विद्यार्थी और युवा राजनीति में सक्रिय हैं। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में विभिन्न पदों पर रहकर संगठनात्मक गतिविधियों में योगदान देते रहे हैं। विद्यार्थी जीवन से ही सामाजिक कार्यों और संगठन से जुड़े होने के कारण उन्हें युवाओं की समस्याओं और उनकी जरूरतों की अच्छी समझ है। अपनी मेहनत और सक्रियता के चलते उन्होंने संगठन में अलग पहचान बनाई है।
मीता ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य पंजाब के अधिक से अधिक युवाओं को भाजपा की विचारधारा से जोड़ना और युवा मोर्चा के संगठन को गांवों तथा शहरों के स्तर पर मजबूत करना होगा। इसके साथ ही युवाओं की समस्याओं को पार्टी के मंच के माध्यम से वरिष्ठ नेतृत्व तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं को देश और समाज की सेवा करने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करती है। वह केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों को भी युवाओं तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करेंगे।
हरमनदीप सिंह मीता ने कहा कि प्रदेश सचिव के रूप में मिली जिम्मेदारी उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि पंजाब के युवाओं और पार्टी के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व है। वह संगठन को मजबूत करने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...