Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्वास्थ्य मंत्री ने मई माह तक बड़ी और छोटी नदी की सफाई पूरी करने के निर्देश दिए

April 30, 2025

स्वास्थ्य मंत्री ने मई माह तक बड़ी और छोटी नदी की सफाई पूरी करने के निर्देश दिए

पटियाला: पंजाब के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डा. बलबीर सिंह ने आज पटियाला में बड़ी नदी और छोटी नदी से सटे इलाकों का दौरा किया और अधिकारियों को मई महीने के भीतर दोनों जल निकायों की पूरी सफाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने नदी के किनारों पर अवैध अतिक्रमण को तुरंत हटाने के निर्देश भी दिए और पर्यावरण स्थिरता को बढ़ाने के लिए इन क्षेत्रों में हरित पट्टी विकसित करने पर जोर दिया। डिप्टी कमिश्नर डा. प्रीति यादव, पीडीए की मुख्य प्रशासक मनीषा राणा और सीनियर डिप्टी मेयर हरिंदर कोहली के साथ स्वास्थ्य मंत्री ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और पटियाला में बाढ़ जैसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने जल निकासी और संबद्ध विभागों को जहां भी आवश्यक हो तटबंध निर्माण में तेजी लाने और सभी संबंधित कार्यों को समय पर पूरा करने को सुनिश्चित करने के लिए कहा। जल प्रदूषण से निपटने के कदमों पर प्रकाश डालते हुए डा. बलबीर सिंह ने बताया कि बड़ी नदी में बहने वाले अनुपचारित सीवेज की समस्या जल्द ही दो नए सीवेज ट्रीटमैंट प्लांट (एसटीपी)-दौलतपुर के पास 15 एमएलडी प्लांट और सनी एन्क्लेव के पीछे 26 एमएलडी सुविधा के चालू होने से हल हो जाएगी।

इन दोनों के इस साल सितंबर तक चालू होने की उम्मीद है। इसके बाद, अर्बन एस्टेट स्थित पुडा भवन में डा. बलबीर सिंह ने पुडा द्वारा विकसित कॉलोनियों, जिनमें अर्बन एस्टेट तथा पुडा एन्क्लेव शामिल हैं, की रैजीडैंट वैल्फेयर सोसायटियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने निवासियों को आश्वासन दिया कि सड़क मुरम्मत, पार्कों के रखरखाव तथा शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना सहित उनकी सभी चिंताओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। बैठक में पार्षद मोहित कुमार तथा प्रितपाल सिंह भंडारी भी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें- IPL 2026, PBKS vs GT: आज होगा बड़ा मुकाबला, देखें हेड 2 हेड और पिच रिपोर्ट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें