Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather Update: पंजाब के 3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अगले 7 दिनों का मौसम

August 11, 2026

Punjab Weather Update: पंजाब के 3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अगले 7 दिनों का मौसम

Punjab Weather Update: पंजाब में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार को पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, चंडीगढ़ में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

तापमान में आई गिरावट

चंडीगढ़ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में करीब 1.3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। राज्य में गुरदासपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री कम है।

पांच जिलों में दर्ज हुई बारिश

मौसम विभाग ने मंगलवार को पंजाब के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इससे पहले सोमवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच राज्य के पांच जिलों में बारिश रिकॉर्ड की गई।

अमृतसर में सबसे ज्यादा 53 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा पठानकोट स्थित थीन डैम और रूपनगर के रोपड़ कृषि विज्ञान केंद्र में 0.5-0.5 मिलीमीटर बारिश हुई। लुधियाना और पटियाला में भी बारिश की ट्रेस मात्रा दर्ज की गई।

अगले सात दिनों तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब में अगले सात दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

11 और 13 अगस्त को पंजाब के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 12, 14, 15 और 16 अगस्त को कुछ छिटपुट स्थानों पर बारिश हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में उमस और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें…

भाखड़ा और पोंग डैम का जलस्तर

बारिश के बीच बांधों के जलस्तर पर भी नजर बनी हुई है। भाखड़ा डैम में पानी का स्तर 1,614 फीट दर्ज किया गया है, जबकि इसका अधिकतम जलस्तर करीब 1,680 फीट है। यानी पानी अधिकतम स्तर से लगभग 66 फीट नीचे है।

इसी तरह पोंग डैम में जलस्तर 1,348.58 फीट दर्ज किया गया, जबकि इसका अधिकतम स्तर करीब 1,390 फीट माना जाता है। इस लिहाज से पानी का स्तर अधिकतम सीमा से लगभग 41.42 फीट नीचे है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें