
Punjab Weather Today: पंजाब में एक बार फिर मौसम करवट लेता नजर आ रहा है। राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज पंजाब के 9 जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी उम्मीद है।
इन 9 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में बारिश की संभावना जताई है। वहीं, चंडीगढ़ में मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश भी हो सकती है।
तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार, मंगलवार की तुलना में पंजाब के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। हालांकि, राज्य में दिन का तापमान सामान्य से करीब 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।
पंजाब में 38 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बठिंडा सबसे गर्म रहा। वहीं चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ में 58.8 मिमी बारिश
मंगलवार को चंडीगढ़ में अच्छी बारिश देखने को मिली। यहां 58.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक रही। इसके अलावा संगरूर में 12.5 मिमी और लुधियाना में 8.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मोहाली, बठिंडा, गुरदासपुर, पठानकोट और फरीदकोट में भी बारिश हुई, हालांकि इन स्थानों पर बारिश का आधिकारिक आंकड़ा दर्ज नहीं हो सका।
ये भी पढ़ें…
मानसून ट्रफ से बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के आसपास मानसून ट्रफ सक्रिय है। उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अब मानसून ट्रफ के साथ मिल गया है। इसके प्रभाव से पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
चंडीगढ़ में भी बादल छाए रहने और एक-दो दौर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, लेकिन पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम पर इसका सीधा असर सीमित रहने का अनुमान है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...