Last Updated: November 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

कैंसर की 1,364 दवाओं की कीमतों में कटौती ऐतिहासिक फैसला, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत : डॉ. हरजोत कमल

November 13, 2026

कैंसर की 1,364 दवाओं की कीमतों में कटौती ऐतिहासिक फैसला, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत : डॉ. हरजोत कमल

मोगा। भारतीय जनता पार्टी जिला मोगा के अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा कैंसर की दवाओं की कीमतों में की गई बड़ी कटौती का स्वागत करते हुए इसे कैंसर पीड़ित मरीजों और उनके परिवारों के लिए ऐतिहासिक एवं जनहितैषी फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज का खर्च आम परिवारों के लिए लंबे समय से बड़ी आर्थिक चुनौती बना हुआ है। ऐसे में दवाओं की कीमतों में भारी कमी से लाखों मरीजों को राहत मिलेगी और उन्हें बेहतर इलाज उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आम नागरिकों की पहुंच में लाने और चिकित्सा खर्च का बोझ कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) द्वारा 137 कैंसर-रोधी दवाओं से संबंधित 1,364 फॉर्मूलेशन्स की कीमतों में कटौती लागू करना एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि इस फैसले के तहत 679 ब्रांडों की दवाओं की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कमी की गई है, जबकि कुछ दवाओं की कीमतों में अधिकतम 96.45 प्रतिशत तक की कटौती दर्ज की गई है। इस फैसले से देशभर के उपभोक्ताओं को सालाना लगभग 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि कैंसर का इलाज केवल मरीज के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार के लिए मानसिक, शारीरिक और आर्थिक संघर्ष बन जाता है। कई बार महंगी दवाओं के कारण परिवारों को अपनी जमा पूंजी तक खर्च करनी पड़ती है। ऐसे में दवाओं के दाम कम होने से मरीजों को उपचार जारी रखने में आर्थिक सहारा मिलेगा और उनके परिवारों पर पड़ने वाला बोझ भी कम होगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना ही नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि आर्थिक स्थिति किसी व्यक्ति के इलाज में बाधा न बने। अंत में डॉ. हरजोत कमल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनकल्याण और आम जनता को आर्थिक राहत देने वाले ऐसे फैसले देश के स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें