अमृतसर: हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (एचएसजीएमसी) के धर्म प्रचार कमेटी के चेयरमैन जत्थेदार बाबा बलजीत सिंह जी दादूवाल ने रविवार को मीडिया से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि बादल परिवार, एसजीपीसी तथा मीरी-पीरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च के मौजूदा ट्रस्ट से जुड़े कुछ लोग यह भ्रम फैला रहे हैं कि मेडिकल कॉलेज को चलाने के लिए 220 करोड़ रुपये के बजट की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि इनका उद्देश्य संगत और एचएसजीएमसी के सदस्यों को डराना है, लेकिन अब संगत एवं सदस्य ऐसे षड्यंत्रों को अच्छी तरह समझ चुके हैं।
जत्थेदार दादूवाल जी ने कहा कि एक समय था जब यह प्रचार किया जाता था कि हरियाणा के गुरुद्वारों का संचालन पंजाब से आने वाले पैसों से होता है, लेकिन एचएसजीएमसी के गठन और बजट सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि हरियाणा के गुरुद्वारे अपने संसाधनों से संचालन करने में पूरी तरह सक्षम हैं और उन्हें किसी अन्य राज्य से आर्थिक सहायता की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि मीरी-पीरी संस्थान भी घाटे में नहीं है। कुछ लोग यह माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं कि एचएसजीएमसी इस संस्थान को नहीं चला पाएगी, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान के कर्मचारियों ने भी उन्हें सीईओ चीमा और ट्रस्टियों के इरादों से पिछले दिनों अवगत कराया है। दादूवाल ने कहा कि यदि किसी कारणवश एचएसजीएमसी इस संस्थान का संचालन करने में असमर्थ रहती है तो उनकी ट्रस्ट स्वयं इस संस्थान का संचालन करेगी और मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी जल्द कराया जाएगा।
उन्होंने एचएसजीएमसी के सदस्यों और अधिकारियों से मांग की कि वे जल्द से जल्द मीरी-पीरी संस्थान की सेवा-संभाल अपने हाथ में लें, चिकित्सकों और कर्मचारियों का लंबित वेतन जारी करें तथा इसके बाद संस्थान का स्वतंत्र ऑडिट करवाएं। साथ ही 12 मई के बाद एकत्रित हुई राशि, बैंक ऋण और अन्य वित्तीय लेन-देन का पूरा हिसाब संगत के सामने रखा जाए। दादूवाल ने कहा कि संस्थान में घाटा नहीं बल्कि लाभ की संभावना है। उन्होंने दावा किया कि पारदर्शी तरीके से संचालन होने पर संगत और मरीजों को राहत मिलेगी तथा महंगी दवाइयां भी सस्ती उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा, “मैं जमीन से जुड़ा व्यक्ति हूं और ग्राउंड पर पूरी जानकारी लेने के बाद ही संगत के सामने कोई बयान देता हूं।” उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि संस्थान के हालात खराब करने के लिए जो भी लोग जिम्मेदार पाए जाएंगे, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
📍 Location: Amritsar (Amritsar)
मेष: दिन शुभ रहेगा...