अमृतसर: भारतीय प्रबंध संस्थान अमृतसर ने अपना 12वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास, गौरव एवं आत्मीयता के साथ मनाया। संस्थान की उत्कृष्टता, निरंतर विकास एवं प्रभावशाली उपलब्धियों की बारह वर्षीय यात्रा का उत्सव मनाने के लिए आयोजित इस समारोह में संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा छात्रों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारम्भ स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ, जिसके उपरांत भारतीय प्रबंध संस्थान अमृतसर के निदेशक प्रो० समीर कुमार श्रीवास्तव जी तथा अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन किया गया। ज्ञान, शिक्षा एवं प्रबोधन के प्रतीक इस दीप प्रज्ज्वलन के साथ स्थापना दिवस समारोह का औपचारिक शुभारम्भ हुआ।
इसके उपरांत संस्थान के निदेशक प्रो० समीर कुमार श्रीवास्तव जी ने स्थापना दिवस संबोधन दिया। अपने संबोधन में उन्होंने भारतीय प्रबंध संस्थान अमृतसर की विकास यात्रा, संस्थान की उपलब्धियों, भविष्य की दिशा तथा संस्थान के विकास में संकाय, कर्मचारियों, छात्रों और अन्य हितधारकों के सामूहिक योगदान पर प्रकाश डाला। इसके बाद “उत्कृष्टता, विकास एवं प्रभाव की बारह वर्षीय यात्रा” विषय पर आधारित एक विशेष वीडियो प्रस्तुत किया गया, जिसमें वर्ष 2025-26 के दौरान संस्थान की प्रमुख उपलब्धियों, शैक्षणिक प्रगति, अनुसंधान, छात्र उपलब्धियों तथा विभिन्न गतिविधियों की झलक प्रस्तुत की गई।
समारोह के दौरान संस्थान में हाल ही में नियुक्त हुए संकाय सदस्यों एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों का औपचारिक स्वागत किया गया। साथ ही संस्थान की प्रगति में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्य की सराहना की गई। इस अवसर पर छात्रों द्वारा प्रस्तुत विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया। एकल नृत्य, समूह नृत्य, समूह गायन, एकल गायन, कविता पाठ, नाट्य प्रस्तुति तथा स्टैंड-अप कॉमेडी जैसी प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। छात्रों की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों की सभी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
समारोह के अंत में प्रशासन के डीन डॉ. अरुण कौशिक जी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए स्थापना दिवस समारोह के सफल आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्रों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भारतीय प्रबंध संस्थान अमृतसर की उत्कृष्टता एवं विकास की इस यात्रा को भविष्य में भी नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए सभी से इसी प्रकार समर्पण एवं सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक छायाचित्र, रात्रिभोज एवं अनौपचारिक संवाद के साथ हुआ, जिसने भारतीय प्रबंध संस्थान अमृतसर परिवार के सदस्यों को परस्पर संवाद, सौहार्द एवं सहयोग को और सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान किया। उत्सव, उपलब्धियों एवं आत्मीयता से परिपूर्ण इस समारोह ने संस्थान की बारह वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उत्सव मनाने के साथ-साथ आने वाले वर्षों के लिए नई ऊर्जा एवं प्रेरणा का संचार किया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...