Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब की कानून व्यवस्था जब तक ठीक नहीं होगी, इन्वेस्टमेंट नहीं आएगी : Vijay Rupani

May 2, 2023

पंजाब की कानून व्यवस्था जब तक ठीक नहीं होगी, इन्वेस्टमेंट नहीं आएगी : Vijay Rupani

जालंधर: भाजपा पंजाब के प्रभारी और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने कहा कि जालंधर लोकसभा उपचुनाव की लड़ाई कांग्रेस या भाजपा के बीच नहीं बल्कि नीति और अनीति के बीच है, भ्रष्टाचार और इमानदारी के बीच है। अगर जालंधर की इंडस्ट्री ठान ले कि जालंधर व पंजाब की तरक्की और खुशहाली के लिए बदलाव लाना है, तो कुछ भी नामुमकिन नहीं है। यह बातें विजय रुपाणी गत दिवस एक निजी होटल में आयोजित शहर के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ एक बैठक में संबोधित करते हुए कहीं। इस बैठक में पहुँचने पर उद्योगपतियों के शिष्टमंडलने विजय रुपाणी, केंद्रीय वाणिज्य राज्य मंत्री सोम प्रकाश और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह का पुष्पगुच्छ व दोशाला भेंट कर अभिनंदन किया। इस दौरान महानगर के प्रमुख उद्योगपतियों ने अपनी समस्याएं भी रखी।

विजय रूपाणी ने कहा कि 2004 से 2014 तक यूपीए की सरकार रही मगर तब केवल घोटाले हुए। देश में निराशा का माहौल था, युवा हताश था। ऐसे में जब 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी तो देश का माहौल बदला। उन्होंने सबका साथ सबका विकास का नारा देते हुए निरंतर योजनाएं बनाई और लागू किया। आज भारत विश्व में अर्थव्यवस्था की दृष्टि से पांचवें स्थान पर पहुंच गया है और जल्द ही वह तीसरे स्थान पर होगा। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब की कानून व्यवस्था ठीक नहीं होगी तो इन्वेस्टमेंट भी नहीं आएगी। उन्होंने उद्योगपतियों से भाजपा के उम्मीदवार इंद्र इकबाल सिंह अटवाल को जिताने में अपना पूर्ण सहयोग करने आह्वान करते हुए कहा कि अगर भाजपा प्रत्याशी अटवाल विजयी होते हैं तो उनकी तरफ वो विश्वास दिलाते हैं कि जालंधर के उद्योगों की समस्याएं पहल के आधार पर हल की जाएंगी।

सोम प्रकाश ने इस अवसर पर उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जो भी योजनाएं बनाती हैं, वह उद्योग जगत से बैठक करने के बाद ही तैयार होती हैं। उन्होंने कहा कि देश की इंडस्ट्री के दम पर ही भारत दुनिया में तीव्र गति से बढ़ रही अर्थव्यवस्था बना है। आरपी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्योग जगत के साथ हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना भारत को 5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था वाला देश बनाना है। पंजाब को भी यदि आर्थिक तौर पर मजबूत होना है तो यहां पर स्टेबिलिटी और लॉ एंड ऑर्डर मजबूत होना बहुत जरूरी है और इसके लिए प्रदेश में भाजपा सरकार का होना बहुत जरुरी है। उन्होंने उद्योगपतियों से भाजपा के प्रत्याशी अटवाल के पक्ष में मतदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि इसकी शुरुआत इस लोकसभा उपचुनाव से होनी चाहिए।

लघु उद्योग भारती के जिला प्रधान विवेक राठौर ने कहा कि पंजाब की सबसे बड़ी समस्या यूथ का पढ़ाई के लिए विदेश चले जाना है और उत्तर प्रदेश व बिहार में इंडस्ट्री लगने से पंजाब की इंडस्ट्री के लिए लेबर की कमी होना सबसे गंभीर और बड़ी समस्या बन चुका है। उद्योगपति मुकुल वर्मा ने कहा कि सरकार अगर सहयोग करे तो स्पोर्ट्स इंडस्ट्री भी ग्रोथ करेगी और एक्सपोर्ट भी बढ़ेगा। उद्योगपति अश्विनी विक्टर ने कहा कि आदमपुर एयरपोर्ट से फ्लाइट करीब 2 साल से बंद है, इसको शुरू किया जाना चाहिए। कारोबारी नेता गुरशरण सिंह ने कहा कि यूथ विदेशों में जा रहा है। इंडस्ट्री की समस्याओं का समाधान कोई कर नहीं रहा। रबड़ चप्पल कारोबारी अशोक मग्गू ने कहा कि केंद्र सरकार ने रबड़ चप्पल पर जीएसटी की दर 5% से बढ़ाकर 12 कर दी है। इसको कम किया जाए। भाजपा नेताओं ने उद्योगपतियों की समस्याओं को बहुत ध्यानपूर्वक सुना और उनके समाधान हेतु जल्द ही केंद्र सरकार से बातचीत कर उनका समाधान करवाने का आश्वासन दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें