पंजाब डेस्क: जालंधर के भोगपुर से एक मासूम बच्ची की हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बता दें कि, डल्ला गाँव में महज़ छह महीने की एक मासूम बच्ची अलीज़ा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस हत्या को अंजाम देने वाले कोई और नहीं, बल्कि खुद उसके नाना-नानी निकले।
होशियारपुर के टांडा इलाके में फेंका गया शव
बच्ची की हत्या के बाद, आरोपी दंपति ने उसके शव को छुपाने के इरादे से होशियारपुर के टांडा क्षेत्र में फेंक दिया। पुलिस ने घटनास्थल से शव बरामद कर लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पिता की शिकायत से खुला मामला
अलीज़ा के पिता ने जब बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई, तो पुलिस ने गहन छानबीन शुरू की। पूछताछ और जुटाए गए सबूतों के आधार पर जब शक की सुई नाना-नानी की ओर मुड़ी, तब उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया।
जांच जारी, कानूनी कार्यवाही तेज
पुलिस ने आरोपी दंपति को हिरासत में लेकर हत्या और शव छुपाने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि बच्ची को इंसाफ दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

