Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

ट्रैफिक नियम तोड़ना पड़ेगा महंगा… जालंधर के इन 5 चौराहों पर आज से ई-चालान शुरू

September 29, 2025

ट्रैफिक नियम तोड़ना पड़ेगा महंगा… जालंधर के इन 5 चौराहों पर आज से ई-चालान शुरू

पंजाब डेस्क: जालंधर शहर में अब वाहन चालकों के लिए यातायात नियम तोड़ना महंगा साबित होगा। बता दें कि आज से शहर में एक नई डिजिटल व्यवस्था शुरू होने जा रही है, जिसके तहत शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे सीधे चालान प्रक्रिया से जुड़े होंगे। इसका मतलब है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करते ही चालान सीधे वाहन मालिक के घर भेज दिया जाएगा।

इन विशेष नाकों पर विशेष निगरानी

जालंधर पुलिस ने शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण चौराहों जैसे पीएपी चौक, बीएसएफ चौक, बीएमसी चौक, गुरु नानक मिशन चौक और नकोदर चौक पर विशेष नाके और स्पष्ट ज़ेबरा क्रॉसिंग के साथ कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। इन स्थानों पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आधुनिक तकनीक से सख्त कार्रवाई

शहर में लगाए गए 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे न केवल ट्रैफिक नियम उल्लंघन को रिकॉर्ड करेंगे, बल्कि यह प्रणाली पूरी तरह से डिजिटल है, जो चालान को तुरंत संबंधित वाहन मालिक के पते पर भेज देगी। इससे न केवल नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित होगा, बल्कि ट्रैफिक व्यवस्थाओं में भी सुधार आएगा।

पुलिस का संदेश: नियमों का सम्मान करें

जालंधर पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें। पुलिस का कहना है कि यह कदम लोगों को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं को रोकने और ट्रैफिक नियंत्रण को बेहतर बनाने के लिए उठाया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान के साथ-साथ ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।

छोटी सी गलती भी पड़ेगी भारी

अब ज़ेबरा लाइन पार करना, गलत साइड से वाहन चलाना या अन्य किसी भी ट्रैफिक नियम का उल्लंघन करना महंगा पड़ सकता है। ऐसे किसी भी उल्लंघन की फोटो या वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद होकर तुरंत डिजिटल प्रणाली से जुड़ जाएगी और चालान घर पहुंच जाएगा।

इस डिजिटल चालान प्रणाली से न सिर्फ जालंधर की सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। वाहन चालकों के लिए अब सावधानी बरतना और भी जरूरी हो गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें