Jalandhar Murder Case: जालंधर में प्रॉपर्टी कारोबारी लक्की ठाकुर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवसेना नेता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरिंदर थापर, दीपक राणा और गुड़िया के रूप में हुई है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। वहीं, इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
गुरुद्वारा साहिब जाते समय किया गया हमला
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 8:30 बजे लक्की ठाकुर खाना खाने के बाद गली में स्थित गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने जा रहे थे। इसी दौरान उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया गया। परिवार का आरोप है कि हमलावरों की संख्या 20 से 25 के बीच थी। हमले में लक्की गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतक के परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावर वारदात के दौरान लक्की के हाथ की कुछ उंगलियां काटकर अपने साथ ले गए थे।
6-7 महीने से चल रहा था दोनों परिवारों में विवाद
लक्की के भाई मनमोहन के अनुसार, उनका परिवार पिछले 6-7 महीनों से शिवसेना नेता नरिंदर थापर के परिवार के साथ विवाद में उलझा हुआ था। आरोप है कि थापर के बेटे राम कृष्ण द्वारा उनके परिवार के एक बच्चे को चिट्टा पिलाया जाता था। लक्की ने इसका विरोध किया था और थाना-4 में शिकायत भी दर्ज करवाई थी।
परिवार का दावा है कि इसी विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था और उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही ACP सेंट्रल ओंकार सिंह बराड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमले में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका स्पष्ट हो सके।
ये भी पढ़ें…
अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी
पुलिस ने नरिंदर थापर, दीपक राणा और गुड़िया को गिरफ्तार किया है। वहीं, परिवार ने राम कृष्ण और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस अब पूछताछ के आधार पर अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी है।