जालंधर: लुधियाना में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ हुई कथित छेड़छाड़ के विरोध में दलित समाज की ओर से गुरुवार को जालंधर बंद रखा गया। बंद को कांग्रेस पार्टी ने भी समर्थन दिया है। इस दौरान शहर की विभिन्न जत्थेबंदियों और नगर निगम यूनियनों की ओर से रोष मार्च निकाला गया। सुबह से ही शहर के कई प्रमुख बाजारों में दुकानें बंद रहीं, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्य चौकों पर पुलिस फोर्स तैनात की गई।
कांग्रेस के समर्थन को लेकर पार्षद शैरी चड्ढा ने कहा कि लुधियाना में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ हुई घटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने केवल एक समुदाय के लिए नहीं, बल्कि सभी वर्गों को समान अधिकार देने के लिए संविधान की रचना की थी। ऐसी घटनाओं के जरिए शरारती तत्व पंजाब के आपसी भाईचारे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शैरी चड्ढा ने लुधियाना पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर में किसी आरोपी का नाम नहीं होने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन गंभीरता से कार्रवाई करे तो आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सकता है। उन्होंने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और सख्त सजा देने की मांग की।
📍 Location: श्री राम चौक (जालंधर)

