पंजाब डेस्कः कमल कौर भाभी हत्याकांड के मामले में बड़ी अपडेट सामने आई है। बठिंडा में 4 महीने पहले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर भाभी उर्फ कंचन कुमारी की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, अमृतपाल सिंह को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हिरासत में लिया गया है और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद उसे भारत डिपोर्ट किए जाने की संभावना है।
जानकारी के मुताबिक, UAE में वीज़ा से जुड़े दस्तावेजों की जांच के दौरान अमृतपाल सिंह की पहचान की पुष्टि हुई, जिसके बाद स्थानीय एजेंसियों ने उससे पूछताछ शुरू की। इसके बाद भारतीय एजेंसियों को सूचना दी गई और मामले में आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई।
ये है पूरा मामला
गौरतलब है कि 9 और 10 जून की मध्यरात्रि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी की हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया था कि इस वारदात में अमृतपाल सिंह मेहरों के साथ जसप्रीत सिंह और निमरतजीत सिंह भी शामिल थे। बताया गया कि सोशल मीडिया पर की गई कुछ कथित आपत्तिजनक पोस्टों को लेकर यह हत्या की गई, जिनसे धार्मिक भावनाएं आहत होने का दावा किया गया था।
हत्या के बाद आरोपियों ने कंचन कुमारी का शव बठिंडा के भुच्चो इलाके में स्थित आदेश मेडिकल कॉलेज की पार्किंग में फेंक दिया था। पुलिस ने 11 जून की शाम को शव बरामद किया। जांच के दौरान जसप्रीत सिंह और निमरतजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अमृतपाल सिंह घटना के बाद से फरार चल रहा था।
बठिंडा की सेशन अदालत ने 23 अक्टूबर को गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए थे। वहीं, एक अन्य आरोपी रणजीत सिंह की अग्रिम जमानत याचिका 17 अक्टूबर को खारिज कर दी गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अमृतपाल सिंह की लोकेशन की पुष्टि और उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए इंटरपोल के माध्यम से UAE को विशेष अनुरोध भेजा गया था।
पंजाब पुलिस को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में आरोपी को भारत लाकर अदालत में पेश किया जाएगा, जिससे मामले की सुनवाई आगे बढ़ सकेगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...