Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

खेल मैदान में छाया उत्साह, ‘खेडां वतन पंजाब दीयां’ में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

October 1, 2026

खेल मैदान में छाया उत्साह, ‘खेडां वतन पंजाब दीयां’ में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

फाजिल्का: पंजाब सरकार की खेलों को बढ़ावा देने की मुहिम के तहत आयोजित ‘खेडां वतन पंजाब दीयां-2026’ सीजन-4 के जिला स्तरीय मुकाबलों का दूसरा दिन खिलाड़ियों के उत्साह और शानदार प्रदर्शन के नाम रहा। विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

जिला खेल अधिकारी रूपिंदर सिंह बराड़ ने बताया कि पंजाब सरकार और खेल विभाग के निर्देशों के अनुसार फाजिल्का जिले में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 28 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिताओं में लड़कों, लड़कियों, पुरुषों और महिलाओं के अलग-अलग वर्ग शामिल किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन लड़कों और पुरुषों के लिए अंडर-21 सहित 31-40, 41-50, 51-60 और 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में मुकाबले करवाए गए। वहीं, अंडर-14 और अंडर-17 लड़कियों के मुकाबले भी आयोजित हुए।

कई खेलों में खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

जिले के विभिन्न ब्लॉकों में आयोजित ब्लॉक स्तरीय मुकाबलों में प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल करने वाली टीमों ने जिला स्तर पर अपनी चुनौती पेश की। इनमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी नेशनल स्टाइल, कबड्डी सर्कल स्टाइल, खो-खो, वॉलीबॉल शूटिंग, वॉलीबॉल स्मैशिंग और टेनिस बॉल क्रिकेट प्रमुख रहे।

इसके अलावा हैंडबॉल, सॉफ्टबॉल, जूडो, गतका, किकबॉक्सिंग, हॉकी, नेटबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, पावरलिफ्टिंग, लॉन टेनिस, कुश्ती, बॉक्सिंग, तीरंदाजी, टेबल टेनिस, वेटलिफ्टिंग, तैराकी, शूटिंग और शतरंज के मुकाबले भी अलग-अलग आयु वर्गों में सीधे जिला स्तर पर करवाए गए।

वॉलीबॉल और कबड्डी में टीमों ने दिखाया दम

लड़कों के वॉलीबॉल शूटिंग ‘कच्ची’ वर्ग में सरकारी हाई स्कूल गांव औडिया की टीम ने अंडर-17 वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। अंडर-21 वर्ग में चक सैदोके की टीम विजेता रही। वॉलीबॉल शूटिंग ‘पक्की’ में 21 से 30 वर्ष आयु वर्ग में घट्टेन वाली की टीम ने बाजी मारी, जबकि 31 से 40 वर्ष वर्ग में झोटियां वाली की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। लड़कियों की सर्कल स्टाइल कबड्डी में अंडर-14 वर्ग में ब्लॉक अरनीवाला की सेख सुभान टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। खुइयां सरवर ब्लॉक दूसरे और अरनीवाला की टीम बी तीसरे स्थान पर रही। अंडर-17 लड़कियों के मुकाबले में अरनीवाला की सेख सुभान टीम ए विजेता बनी। अरनीवाला टीम बी ने दूसरा और फाजिल्का ब्लॉक की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।

उम्रदराज खिलाड़ियों ने भी दिखाया जोश

प्रतियोगिता में वरिष्ठ आयु वर्ग के खिलाड़ियों की भागीदारी भी आकर्षण का केंद्र रही। 60 से 70 वर्ष आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में राजिंदर कुमार ने पहला, सरवन कुमार ने दूसरा और बूटा सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। 70 से 80 वर्ष आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में रमेश कुमार पहले स्थान पर रहे। मलकीत सिंह ने दूसरा और वासु राम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जिला खेल अधिकारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज के अधिक से अधिक लोगों को खेलों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभा को निखारने के अलावा युवाओं में अनुशासन, भाईचारा और स्वस्थ जीवनशैली की भावना को मजबूत करते हैं। मुकाबलों के दौरान खेल विभाग के प्रशिक्षक और कर्मचारी तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें