
जालंधर: पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने देर रात शहर के विभिन्न पुलिस थानों की औचक चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अचानक किए गए इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानों में ड्यूटी पर तैनात पुलिस मुलाजिमों से बातचीत की और वहां चल रही व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी हासिल की। पुलिस कमिश्नर ने कर्मचारियों को पूरी तनदेही, मुस्तैदी और सख्ती के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
चेकिंग के दौरान पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही, अनुशासनहीनता या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी मुलाजिम की ओर से ड्यूटी में कोताही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कमिश्नर की अचानक चेकिंग से थानों में तैनात कर्मचारियों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी रही और सभी मुलाजिम अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद नजर आए।
सतिंदर सिंह ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि देर रात भी थाने में शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता और प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए। किसी भी पीड़ित को परेशानी का सामना न करना पड़े और उसकी शिकायत पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। इसके लिए प्रत्येक पुलिस कर्मचारी का जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा जनता के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने के निर्देश भी दिए।
📍 Location: जालंधर थाना नंबर 6 (जालंधर)
मेष: दिन शुभ रहेगा...