Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab में LPG गैस सिलेंडरों की सप्लाई को लेकर आ रही दिक्कतें, लोगों की बढ़ी परेशानी

December 13, 2025

Punjab में LPG गैस सिलेंडरों की सप्लाई को लेकर आ रही दिक्कतें, लोगों की बढ़ी परेशानी

चंडीगढ़: पंजाब के लोगों के लिए घरेलू गैस की कमी ने परेशानी बढ़ा दी है। हाल के दिनों में हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HP) और अन्य कंपनियों से जुड़े गैस डीलरों और ग्राहकों दोनों को सप्लाई में लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

सूत्रों के अनुसार, शहर की कई गैस एजेंसियों के पास 10 दिन तक का बैकलॉग है। इसका मतलब है कि ग्राहक ऑनलाइन या ऑफलाइन बुकिंग के बावजूद गैस सिलेंडर तक पहुंचने में अक्सर एक हफ्ते से 10 दिन तक इंतजार कर रहे हैं। खासकर सर्दियों के मौसम में घरेलू गैस की मांग बढ़ जाती है, जिससे सप्लाई बाधित होना और भी गंभीर समस्या बन जाती है।

डीलरों पर बढ़ा दबाव
गैस एजेंसियों ने बताया कि उन्हें प्लांट से नियमित सप्लाई नहीं मिल रही है। अक्सर एक दिन की आपूर्ति मिलने के बाद अगले दो दिन तक गैस नहीं आती, जिससे ऑफिस, वेयरहाउस और डिलीवरी स्टाफ पर अतिरिक्त दबाव बनता है। डीलर कह रहे हैं कि ग्राहक भी गैस की कमी की वजह से परेशान हैं और उन्हें अक्सर ग्राहकों की नाराज़गी का सामना करना पड़ता है।

शहर में हालात हुए और कठिन

कई घरों में अलग-अलग गैस कंपनियों के सिलेंडर का इस्तेमाल किया जा रहा है, अन्यथा शहर में हालात और गंभीर हो सकते थे। इंडेन गैस कंपनी के डीलरों ने भी हाल ही में सप्लाई की कमी के चलते 4-5 दिन का बैकलॉग झेला, हालांकि कंपनी ने दो-तीन शिफ्ट में काम कर सप्लाई सुधारी है। वर्तमान में इंडेन गैस का बैकलॉग लगभग 24-48 घंटे का बताया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: पंजाब में हाई अलर्ट के बीच बड़ा फैसला, स्कूलों में छुट्टियां, अब परीक्षाएं भी टलीं

रिफाइनरी में रिपेयर काम का असर

हिंदुस्तान गैस से जुड़े डीलरों का कहना है कि कंपनी की रिफाइनरी में रिपेयर कार्य चल रहा है, जिसकी वजह से सप्लाई में बाधा आई है। डीलरों ने बताया कि गैस से भरे ट्रक कई दिनों से नहीं आ रहे हैं, जिससे डिलीवरी स्टाफ और ऑफिस कर्मचारी खाली बैठने को मजबूर हैं। एक बड़े डीलर ने दावा किया कि 26 दिसंबर तक सप्लाई पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है। हालांकि, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के सेल्स ऑफिसर अभिमन्यु कुमार झा से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया लेने का प्रयास असफल रहा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें