Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Ludhiana News: लुधियाना में आज बंद रहेंगे सभी पेट्रोल पंप, कमीशन न बढ़ने के विरोध में मालिक नाराज

August 18, 2024

Ludhiana News: लुधियाना में आज बंद रहेंगे सभी पेट्रोल पंप, कमीशन न बढ़ने के विरोध में मालिक नाराज

लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में आज रविवार को सभी पेट्रोल पंप पूरी तरह से बंद रहेंगे। सिर्फ आपातकालीन सेवाएं चालू रहेंगी। पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन (पीपीडीए) ने केंद्र सरकार द्वारा कमीशन न बढ़ाए जाने के विरोध में आज पंप बंद रखकर विरोध जताया है। उन्होंने फैसला किया है कि अपने खर्चों को कम करने के लिए वे हर रविवार को पेट्रोल पंप बंद रखेंगे। पंप मालिकों का कहना है कि पिछले 7 सालों में उनका कमीशन नहीं बढ़ाया गया है। वे 2 फीसदी कमीशन पर काम चला रहे हैं, जबकि उनकी मांग है कि 5 फीसदी कमीशन दिया जाए। एसोसिएशन 25 अगस्त से पूरे पंजाब में हर रविवार को पेट्रोल पंप बंद रखने के लिए जिला स्तर पर चर्चा भी कर रही है।

प्रधान रणजीत सिंह गांधी ने कहा कि सभी व्यापारियों का कमीशन बढ़ता है, लेकिन पेट्रोल पंप मालिकों का कमीशन पिछले 7 सालों से नहीं बढ़ाया गया है। आज 80 रुपये का माल 120 रुपये पर पहुंच गया है, लेकिन सरकार तेल विक्रेताओं का कमीशन बढ़ाने पर चुप है।

फिलहाल खन्ना से लेकर फिल्लौर तक पेट्रोल पंप आज ​​बंद रहेंगे। कई शहरों से पेट्रोल पंप बंद रखने के समर्थन में पत्र भी आ रहे हैं। पेट्रोल पंपों पर बैनर लगाए गए हैं, ताकि लोगों को भी पता चल सके कि पेट्रोल पंप मालिकों की स्थिति कितनी खराब चल रही है। 5 महीने पहले भी पेट्रोल पंप मालिकों ने तेल न खरीद कर हड़ताल की थी। उस समय केंद्र सरकार ने आश्वासन दिया था कि चुनाव के बाद उनका कमीशन बढ़ा दिया जाएगा, लेकिन अब सरकार फिर से उनकी अनदेखी कर रही है।

गांधी ने कहा कि साप्ताहिक अवकाश के दिन आपातकालीन सेवाएं चालू रहेंगी। एंबुलेंस और सरकारी वाहनों को पेट्रोल या डीजल दिया जाएगा। फिलहाल जिला स्तर पर बैठक हुई है। जल्द ही पंजाब स्तर और राज्य स्तर पर बैठकें होंगी, ताकि पेट्रोल पंप मालिकों का कमीशन बढ़ाया जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें