Site icon Dainik Savera Times

Jalandhar Road Accident: यात्रियों से भरी पनबस और टिप्पर की जोरदार टक्कर, मची अफरा-तफरी

Major accident in Jalandhar

Major accident in Jalandhar

जालंधर: पंजाब के कई जिलों में घना कोहरा जारी है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। पंजाब राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि अगले तीन घंटों में अमृतसर, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, जालंधर, कपूरथला, संगरूर, मोहाली और तरनतारन के कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है।

हाईवे पर हादसा, यात्रियों में मची अफरातफरी

शुक्रवार सुबह जालंधर के हाईवे पर रॉयल होटल के पास कोहरे के कारण एक बड़ा हादसा हुआ। चंडीगढ़ की ओर जा रही एक पनबस ने पीछे से टिप्पर को टक्कर मार दी। इस हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। यात्रियों में अचानक हुए हादसे से डर और अफरातफरी मच गई, लेकिन सौभाग्य से कोई भी यात्री गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

तेज रफ्तार बस बनी हादसे की मुख्य वजह

टिप्पर चालक ने बताया कि वह सामान्य गति से हाईवे पर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही पनबस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में टिप्पर चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि बस का साइड हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के दौरान एक पास वाली कार को भी नुकसान पहुंचा।

ये भी पढ़ें: Delhi Police ने चलाया ऑपरेशन आघात 3.0, 285 लोगों को किया गिरफ्तार 

पुलिस ने किया मामला दर्ज, जांच जारी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस को सड़क किनारे खड़ा करवाया। एएसआई मक्खन सिंह ने बताया कि बस चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाया था, जबकि यात्रियों ने कई बार उसे धीमे चलाने के लिए कहा था। पुलिस के अनुसार बस लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से दौड़ रही थी।

हादसे में घायल बस चालक को जौहल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने साफ किया कि इस दुर्घटना में टिप्पर चालक की कोई गलती नहीं पाई गई। जांच अधिकारी ने चेतावनी दी है कि घने कोहरे में तेज रफ्तार के कारण हादसे आम हो सकते हैं, और नियमों की अनदेखी करने वाले बस चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version