Site icon Dainik Savera Times

पंजाब में बड़ा हादसाः 25 सवारियों से भरी बस फ्लाईओवर से गिरी, मची चीख-पुकार

Punjab Bus accident

हादसे में महिला समेत 3 लोगों की मौत, कई यात्री घायल

नवांशहर/बंगा: नवांशहर जिले के बंगा में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां, गांव मजारी के पास एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे सर्विस रोड पर पलट गई। हादसे में एक महिला समेत 3 लोगों की मौत हो गई,  जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मनाली से अमृतसर जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, यह टूरिस्ट बस मनाली से अमृतसर साहिब की ओर जा रही थी। बस में करीब 25 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे जब बस बंगा ओवरब्रिज से नीचे उतर रही थी, तभी गांव मजारी के पास ड्राइवर की आंख लग गई। इसके बाद बस चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस पुल से नीचे गिरकर सर्विस रोड पर पलट गई।

हादसे में 3 लोगों की मौत
हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार 3 लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक महिला और बस का कंडक्टर भी शामिल बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक मृतक लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) का छात्र भी बताया जा रहा है। तीसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। हादसे के बाद पुलिस ने सभी मृतकों के शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेज दिए हैं।

ड्राइवर मौके से फरार
हादसे के बाद बस का ड्राइवर मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और ड्राइवर की तलाश भी की जा रही है।

कई यात्री घायल
बस में करीब 25 लोग सवार थे। हादसे में कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जबकि कई लोगों को मामूली चोटें लगी हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएसपी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बस को भी कब्जे में लेकर हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया हादसे का मंजर
हादसे के बारे में सतनाम सिंह ने बताया कि उनका भतीजा सुबह जिम जाने के लिए निकला था। रास्ते में पेट्रोल खत्म होने के कारण वह पेट्रोल पंप पर चला गया। इसी दौरान उसके सामने ही यह बस हादसे का शिकार हो गई। सतनाम सिंह के अनुसार, बस अचानक पुल से नीचे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की।

LPU के कुछ छात्र भी बस में सवार थे
शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि बस में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कुछ छात्र भी मौजूद थे। हादसे के बाद छात्रों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है। पुलिस यात्रियों की पहचान और हादसे में मारे गए लोगों की पूरी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस जांच में जुटी
जांच अधिकारी ने बताया कि हादसे में 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक जांच में ड्राइवर को झपकी आने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसे की पूरी वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

 

Exit mobile version