
पंजाब डेस्क: संगरूर में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंडीगढ़ जा रही यात्रियों से भरी PRTC बस ओवरब्रिज की दीवार से टकराने के बाद सड़क किनारे खेतों और झाड़ियों में पलट गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया है।
ओवरब्रिज की दीवार से टकराने के बाद पलटी बस
जानकारी के अनुसार, PRTC बस धुरी से संगरूर होते हुए चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। सुबह करीब 4:30 से 4:40 बजे के बीच मस्तुआना साहिब के पास ड्रीमलैंड कॉलोनी से आगे बस अचानक ओवरब्रिज की दीवार के कोने से टकरा गई। हादसा इतना बड़ा था कि बस के आगे और पीछे के शीशे टूटकर बिखर गए।
हादसे में घायल एक महिला यात्री ने बताया कि बस किस चीज से टकराई, इसका उन्हें पता तक नहीं चला। अचानक बस में दो से तीन तेज झटके लगे और देखते ही देखते अफरा-तफरी मच गई।
बस में सवार यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। हादसे के बाद कई यात्री घायल अवस्था में बस के अंदर फंस गए।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जताया दुख
ਸੰਗਰੂਰ ਵਿਖੇ PRTC ਬੱਸ ਦੇ ਵਾਪਰੇ ਦਰਦਨਾਕ ਹਾਦਸੇ ਦੀ ਖ਼ਬਰ ਬਹੁਤ ਦੁਖਦਾਈ ਹੈ…
ਹਾਦਸੇ ‘ਚ 3 ਕੀਮਤੀ ਜਾਨਾਂ ਦਾ ਨੁਕਸਾਨ ਹੋਇਆ ਹੈ ਅਤੇ 24 ਜ਼ਖ਼ਮੀਆਂ ‘ਚੋਂ 15 ਨੂੰ ਬਿਹਤਰ ਇਲਾਜ ਲਈ ਪਟਿਆਲਾ ਰੈਫਰ ਕੀਤਾ ਗਿਆ ਹੈ… ਪ੍ਰਸ਼ਾਸਨ ਨੂੰ ਸਾਰਿਆਂ ਦੇ ਮੁਫ਼ਤ ਇਲਾਜ ਦੀਆਂ ਹਦਾਇਤਾਂ ਦਿੱਤੀਆਂ ਹਨ…
ਪ੍ਰਮਾਤਮਾ ਵਿਛੜੀਆਂ ਰੂਹਾਂ ਨੂੰ ਸ਼ਾਂਤੀ ਬਖ਼ਸ਼ੇ ਤੇ ਪਰਿਵਾਰਾਂ ਨੂੰ ਭਾਣਾ ਮੰਨਣ ਦਾ ਬਲ ਦੇਵੇ… ਜ਼ਖ਼ਮੀਆਂ ਦੇ ਜਲਦ ਸਿਹਤਯਾਬ ਹੋਣ ਦੀ ਅਰਦਾਸ ਕਰਦਾ ਹਾਂ…— Bhagwant Mann (@BhagwantMann) November 11, 2026
तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह मान रही पुलिस
संगरूर के DSP दलबीर सिंह संधू के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस निर्धारित समय से देरी से चल रही थी। समय की भरपाई करने के लिए चालक तेज रफ्तार से बस चला रहा था।
पुलिस अधिकारी मेहर सिंह ने भी बताया कि हादसे के समय मौसम साफ था और इलाके में धुंध नहीं थी। शुरुआती जांच और यात्रियों के बयानों के आधार पर बस की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
तीन यात्रियों की मौत, 26 घायलों का इलाज जारी
इस दुर्घटना में धुरी की रहने वाली दो महिलाओं और थलेस निवासी 55 वर्षीय मंजीत सिंह की जान चली गई। हादसे में कुल 26 यात्री घायल हुए।
घायलों को स्थानीय सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से कई को गंभीर चोटें आने के कारण पटियाला के राजिंदरा अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य का इलाज संगरूर में जारी है।