
जालंधर : करवा चौथ का त्यौहार नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। 29 अक्तूबर को मनाए जाने वाले इस त्यौहार को लेकर महिलाएं खरीदारी में जुटी हुई हैं। बाजारों में पूजा सामग्री, कपड़ों, चूड़ियों, मेहंदी, कॉस्मैटिक और मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। वहीं, व्रत से पहले सरगी की तैयारियों के लिए मठियों, फेनियों, सूखे मेवों और अन्य खाद्य पदार्थों की खरीदारी भी की जा रही है।
फोटो वाली पूजा थालियों का क्रेज, मेहंदी के लिए 1500 रुपए तक खर्च
करवा चौथ की पूजा के लिए करवा, छलनी, थाली, दीपक, रोली, चावल और चुनरी सहित अन्य सामग्री की खरीदारी की जा रही है। बाजारों में साधारण थालियों के साथ सजावटी पूजा थालियों के भी कई विकल्प उपलब्ध हैं। इनकी कीमत लगभग 130 से 400 रुपए तक है, जबकि विशेष डिजाइन वाली थालियों के दाम 999 रुपए या इससे अधिक हैं। इन दिनों फोटो वाली पूजा थालियां भी महिलाओं को आकर्षित कर रही हैं। इन थालियों पर परिवार के सदस्यों या पति-पत्नी की तस्वीर लगाई जाती है। महिलाएं अपनी पसंद के अनुसार ऐसी थालियां तैयार करवा रही हैं।
करवा चौथ पर सोलह शृंगार की परंपरा के चलते मेहंदी लगवाने को लेकर भी महिलाओं में उत्साह है। मेहंदी के डिजाइन और उसकी बारीकी के अनुसार कीमत तय की जा रही है। साधारण डिजाइन के लिए करीब 350 से 500 रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं, जबकि भारी और आकर्षक डिजाइन के लिए 1,500 रुपये तक देने पड़ सकते हैं। वहीं, ब्यूटी पार्लरों में भी महिलाओं की व्यस्तता बढ़ गई है। त्यौहार को देखते हुए कई पार्लरों की ओर से ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न सेवाओं पर छूट भी दी जा रही है। करवा चौथ में अब केवल दो दिन शेष हैं। ऐसे में महिलाएं पूजा सामग्री से लेकर कपड़ों, शृंगार और सरगी के सामान तक की खरीदारी पूरी करने में जुटी हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...