Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

मेयर की चेयर : AAP ने जालंधर में हासिल किया पूर्ण बहुमत, लुधियाना में कोशिशें जारी

December 24, 2024

मेयर की चेयर : AAP ने जालंधर में हासिल किया पूर्ण बहुमत, लुधियाना में कोशिशें जारी

Mayor’s chair : जालंधर से लुधियाना तक में मेयर बनाने के लिए आम आदमी पार्टी जोड़तोड़ में एक्टिव दिखाई दी। पार्टी ने 6 पार्षदों को साथ जोड़कर जालंधर में मेयर बनाने के लिए जरूरी बहुमत जुटा लिया। 85 मैंबर वाली जालंधर नगर निगम में आम आदमी पार्टी ने 38 वार्ड जीते थे, जबकि बहुमत के लिए उसे 43 पार्षद चाहिए थे। कांग्रेस के 2, भाजपा के 2 व 2 आजाद पार्षद आम आदमी पार्टी में शामिल करवा लिए गए। कांग्रेस, भाजपा और आजाद पार्षदों ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया।

38 सीटें लेकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी आप को मेयर बनाने के लिए कम से कम 5 सीटों की जरूरत थी। जालंधर के प्रभारी कैबिनेट मंत्री ईटीओ हरभजन सिंह की मेहनत सफल हो गई। कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, कैबिनेट मंत्री डा. रवजोत सिंह व विधायक रमन अरोड़ा के सहयोग से जालंधर नगर निगम में आम आदमी पार्टी को पूर्ण बहुमत से भी आगे पहुंचा दिया।

रविवार को वार्ड नंबर 81 से आजाद पार्षद सीमा रानी व वार्ड नंबर 65 से कांग्रेस की पार्षद परवीन वासन ने आम आदमी पार्टी में शामिल होने की घोषणा की थी, सोमवार को वार्ड नंबर 43 से आजाद पार्षद तरसमे लखोत्रा, वार्ड नंबर 47 से कांग्रेस पार्षद मनमीत कौर तथा वार्ड नंबर 63 से भाजपा पार्षद सुलेखा भगत तथा वार्ड नंबर 41 से भाजपा पार्षद शबनम दुग्गल ने भी आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। अब नगर निगम में आम आदमी पार्टी ने 43 सीटों के बहुमत के जादुई आंकड़े को छू लिया है। आप नेताओं एवं कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ, डा. रवजोत सिंह और मोहिंदर भगत की उपस्थिति में पांचों पार्षद आम आदमी पार्टी में शामिल हुए।

लुधियाना में 1 आजाद पार्षद आप में शामिल, बाकी दोनों के भी आप में आने का किया दावा

लुधियाना में वार्ड नंबर 11 की पार्षद दीपा रानी चौधरी आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई हैं। उन्हें मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर व विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला ने पार्टी में शामिल किया। इस मौके मार्कफैड के चेयरमैन अमनदीप सिंह मोही, विधायक अशोक पराशर पप्पी, मदन लाल बग्गा, कुलवंत सिंह सिद्धू, उप चेयरमैन परमवीर सिंह भी मौजूद थे। उधर, संपर्क करने पर विधायक मदन लाल बग्गा ने कहा कि बाकी दोनों पार्षद भी आम आदमी पार्टी का साथ देंगे। उसके बाद हमें एक और पार्षद चाहिए, जिसको साथ मिलाकर आम आदमी पार्टी अपना मेयर बना लेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें