Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

एक पास, कई पार्किंग स्थल… चंडीगढ़ में वाहन चालकों की बल्ले-बल्ले, 27 जनवरी से लागू होगा ये सिस्टम

January 25, 2026

एक पास, कई पार्किंग स्थल… चंडीगढ़ में वाहन चालकों की बल्ले-बल्ले, 27 जनवरी से लागू होगा ये सिस्टम

चंडीगढ़: स्मार्ट सिटी चंडीगढ़ में 27 जनवरी से ‘एमसी वन पास’ पार्किंग सिस्टम लागू किया जाएगा। इस नई व्यवस्था के तहत दोपहिया वाहनों के लिए 250 रुपये और चारपहिया वाहनों के लिए 500 रुपये में मासिक पार्किंग पास उपलब्ध होगा। इससे नागरिकों को रोज़ाना पार्किंग शुल्क देने की झंझट से राहत मिलेगी और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलेगा।

स्मार्ट और नागरिक-केंद्रित शहरी परिवहन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नगर निगम चंडीगढ़ ने बैंक ऑफ बड़ौदा के सहयोग से यह पहल शुरू की है। पार्किंग स्थलों की पूरी सूची नगर निगम चंडीगढ़ और बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।

ये भी पढ़ें- श्रीनगर में भारी बर्फबारी, जम्मू हाईवे पर खुले रास्ते, एयरपोर्ट से हटाई जा रही बर्फ

मासिक पार्किंग पास के लिए नागरिकों को किसी भी कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी। एमसी या बैंक की वेबसाइट, पार्किंग स्थलों अथवा समाचार पत्रों में प्रकाशित क्यूआर कोड को स्कैन कर ऑनलाइन पास प्राप्त किया जा सकेगा। यह मासिक पास नगर निगम द्वारा संचालित सभी पार्किंग स्थलों पर मान्य होगा। इनमें एलांते मॉल के सामने सतही पार्किंग, सेक्टर-17, 22 और 35 की पार्किंग, सुखना लेक पार्किंग, सेक्टर-17 की मल्टी-लेवल पार्किंग सहित अन्य अधिसूचित एमसी पार्किंग स्थल शामिल हैं।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य शहर की पार्किंग व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल बनाना है। भविष्य में इस पास आधारित पार्किंग सिस्टम को चरणबद्ध तरीके से शहर के अन्य पार्किंग स्थलों पर भी लागू किया जाएगा, जिससे नागरिकों को एक समान और सुविधाजनक पार्किंग सुविधा मिल सके।

नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने बताया कि ‘एमसी वन पास’ पार्किंग सिस्टम स्मार्ट अर्बन मोबिलिटी और कुशल पार्किंग प्रबंधन की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि इससे मैनुअल हस्तक्षेप कम होगा, पारदर्शिता बढ़ेगी और आम नागरिकों को अधिक सुविधा मिलेगी।

ये भी पढ़ें- पद्म पुरस्कार 2026 का हुआ ऐलान, जानें किस-किसको मिला सम्मान

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें