Last Updated: September 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

जंडियाला गुरु में ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ फेस-2 के तहत हुई बैठक

September 17, 2026

जंडियाला गुरु में ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ फेस-2 के तहत हुई बैठक

जंडियाला गुरु/अमृतसर: पंजाब के लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ETO ने आम जनता से आह्वान किया कि वे नशों के पूर्ण उन्मूलन के लिए पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान में सक्रिय रूप से अपना योगदान दें। लोक निर्माण मंत्री आज जंडियाला गुरु के ओलिव गार्डन में ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ फेस-2 के तहत विधानसभा क्षेत्र के सरपंचों, पंचों, चेयरमैनों, पार्षदों, जिला परिषद सदस्यों, ब्लॉक प्रधानों, ब्लॉक समिति सदस्यों, विलेज एवं वार्ड डिफेंस कमेटियों के सदस्यों तथा नशा मुक्ति मोर्चा के स्वयंसेवकों के साथ बैठक कर रहे थे।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है और इसके पूर्ण उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर आगे आने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नशों की तस्करी पर रोक लगाने के साथ-साथ नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के उपचार एवं पुनर्वास के लिए भी गंभीरता से कार्य कर रही है। सरकार द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं नशे की दलदल में फंसे युवाओं को उपचार एवं पुनर्वास के माध्यम से मुख्यधारा में लाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा तस्करी या नशों से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचित करें।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि नशों के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों में गठित विलेज एवं वार्ड डिफेंस कमेटियां, पंचायती प्रतिनिधि, पार्षद, सामाजिक संस्थाएं तथा नशा मुक्ति मोर्चा के स्वयंसेवक लोगों में जागरूकता पैदा करने और युवाओं को नशों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब के युवा राज्य की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हें नशों से दूर रखने के लिए परिवारों, शिक्षकों, सामाजिक संस्थाओं तथा स्थानीय प्रतिनिधियों को मिलकर प्रयास करने चाहिए। उन्होंने सभी पंचायत एवं स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नशों के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान को और मजबूत करने का आह्वान किया। ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए योगदान देना चाहिए। सामूहिक प्रयासों और लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें