पंजाब डेस्क: पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर दिल्ली में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल के आवास पर वरिष्ठ नेताओं के साथ लगातार अलग-अलग बैठकें की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि इस समय वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा भी वेणुगोपाल से मुलाकात के लिए मौजूद हैं।
राहुल गांधी के फैसले के बाद आगे की प्रक्रिया
सूत्रों के अनुसार, पार्टी द्वारा नियुक्त तीन पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के बाद राहुल गांधी ने हाल ही में पंजाब के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक की थी। इस बैठक में लिए गए निर्णयों को अब औपचारिक रूप देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि राहुल गांधी ने अपना अंतिम फैसला केसी वेणुगोपाल को सौंप दिया है, जो सभी नेताओं से बातचीत के बाद आधिकारिक घोषणा करेंगे।
अध्यक्ष पद की दौड़ में कई दिग्गज
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और विजय इंदर सिंगला के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी सिंगला के पक्ष में हैं, जबकि कई वरिष्ठ नेता चन्नी का समर्थन कर रहे हैं। वहीं एक अन्य धड़ा सुखजिंदर सिंह रंधावा को यह जिम्मेदारी देने की वकालत कर रहा है।
ये भी पढ़ें…
संगठन में संतुलन साधने की कोशिश
पार्टी हाईकमान किसी भी बड़े नेता को नाराज नहीं करना चाहता, इसलिए अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और सुखजिंदर सिंह रंधावा को कैंपेनिंग कमेटी या अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि सभी प्रमुख नेताओं को संगठन में किसी न किसी भूमिका में शामिल किया जा सकता है।

