अमृतसर: मौसम विभाग द्वारा पंजाब और आसपास के राज्यों के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना को देखते हुए पूर्व मंत्री व विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल और डीसी साक्षी साहनी ने रावी नदी से सटे इलाकों का दौरा किया। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण रावी और ब्यास नदियों के जलस्तर में कुछ उतार-चढ़ाव हो सकता है। इस अवसर पर डीसी ने कहा कि वर्तमान में रावी और ब्यास नदियों का पानी पूरी तरह नियंत्नण में है, लेकिन पहाड़ों में बारिश की संभावना के चलते बांधों से पानी छोड़ा गया है, जिससे जलस्तर बढ़ सकता है, इसलिए नदी पार करने में संकोच करें।
रावी नदी में 21 चो-खड्डे और नाले हैं। इसलिए घोनेवाल व अन्य जगहों में पानी के सही स्तर की जाँच के लिए एक गेज लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभाग को विभिन्न नहरों पर गेज लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 0183-2229125 और अजनाला में हेल्पलाइन नंबर 01858-245510 भी जारी किया है। किसी भी अप्रिय स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। इस अवसर पर एडीसी रोहित गुप्ता, एडीसी परमजीत कौर, एसडीएम रविंदर सिंह और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
किसान व पशुपालक अपने मवेशियों को नदी के किनारे या नदी के अंदर न जाने दें :-
पूर्व मंत्री व विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने सभी निवासियों से अनुरोध किया कि वे इस दौरान नदी पार करने की कोशिश न करें और किसान व पशुपालक अपने मवेशियों को नदी के किनारे या नदी के अंदर न जाने दें। क्योकि पानी कभी भी बढ़ सकता है। उल्लेखनीय है कि अभी तक मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कठुआ, गुरदासपुर, सांभा आदि में भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है जिससे रावी नदी की नहरें और खड्डें भर जाएँगी। जिला प्रशासन दिन-रात स्थिति पर नजर रख रहा है और अधिकारियों को 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात किया गया है।
ये भी पढ़ें: हिमाचल के इस जिले के डीसी की पत्नी ने पास की UPSC परीक्षा, 79वां रैंक हासिल किया

