
मोगा: वार्ड नंबर 27 के पार्षद वरिंदर सिंह टोनी के वार्ड में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने वार्डवासियों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित हुए और उन्होंने अपने क्षेत्र से संबंधित विभिन्न समस्याओं के साथ-साथ विकास कार्यों को लेकर विधायक के समक्ष अपनी बात रखी।
विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने वार्डवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई करवाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान विभागीय स्तर पर किया जाना है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों के ध्यान में लाया जाएगा। इसके अलावा वार्ड में जरूरी विकास कार्यों को भी चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोक मिलनी का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाना है। उन्होंने कहा कि लोगों की सेवा करना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है। जनता से सीधा संवाद होने से क्षेत्र की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलती है और विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने में भी मदद मिलती है। आम आदमी पार्टी की सरकार आम लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सड़क, सीवरेज, पानी, सफाई, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य जनसुविधाओं से संबंधित समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है।
इस अवसर पर नगर निगम की मेयर बिनयपाल कौर, पार्षदगण, महिला विंग की ब्लॉक प्रधान तथा बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे। वार्डवासियों ने विधायक द्वारा उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनने और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा देने पर आभार व्यक्त किया।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...