Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

विधायक कुलदीप धालीवाल की अजनाला में पैट्रोल पंपों पर छापेमारी, एथेनॉल युक्त पैट्रोल के लिए नमूने

July 8, 2026

विधायक कुलदीप धालीवाल की अजनाला में पैट्रोल पंपों पर छापेमारी, एथेनॉल युक्त पैट्रोल के लिए नमूने

अमृतसर : आम आदमी पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता, विधायक एवं पूर्व मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने मंगलवार को जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक सुखजिंदर सिंह तथा तौल एवं माप निरीक्षक गगनदीप सिंह सहित विभागीय अधिकारियों की टीम के साथ अजनाला क्षेत्र के विभिन्न पैट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पैट्रोल में एथेनॉल की मात्रा की जांच के लिए मौके पर ही पैट्रोल के नमूने लिए गए। धालीवाल ने कहा कि पैट्रोल में एथेनॉल मिश्रण के कारण चार पहिया और दोपहिया वाहनों में खराबी आने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि इन्हीं शिकायतों के मद्देनजर अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए पैट्रोल के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एथेनॉल युक्त पैट्रोल के कारण वाहनों के इंजन और अन्य महत्वपूर्ण पुर्जों को नुकसान पहुंच रहा है, जिससे वाहन मालिकों को हजारों रुपए का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। धालीवाल ने इसके लिए केंद्र सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पैट्रोलियम कंपनियों को लाभ पहुंचाने की नीति के चलते आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

धालीवाल ने केंद्र सरकार के उस तर्क को भी खारिज किया, जिसमें विदेशों में अधिक एथेनॉल मिश्रित पैट्रोल के उपयोग का हवाला दिया जाता है। उन्होंने कहा कि भारत और विदेशी देशों के वाहनों की तकनीक तथा सड़क व्यवस्था में बड़ा अंतर है, इसलिए दोनों की तुलना करना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कुछ बड़े कारोबारी हितों को लाभ पहुंचाने के लिए ऐसी नीतियां लागू कर रही है, जबकि महंगाई से जूझ रहे मध्यम वर्ग, छोटे कारोबारियों और कर्मचारियों के हितों की अनदेखी की जा रही है।

धालीवाल ने केंद्र सरकार से मांग की कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट को देखते हुए पैट्रोल, डीजल, घरेलू रसोई गैस और व्यावसायिक गैस सिलैंडरों के दाम तत्काल कम किए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि नई राहत संभव नहीं है तो कम से कम पहले वाली कीमतें बहाल कर आम जनता को बढ़ती महंगाई से राहत दी जाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें