Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा में नशे के खिलाफ 60 दिवसीय खेल अभियान शुरू, 20 हॉटस्पॉट क्षेत्रों के युवाओं को खेलों से जोड़ने की पहल

November 4, 2026

मोगा में नशे के खिलाफ 60 दिवसीय खेल अभियान शुरू, 20 हॉटस्पॉट क्षेत्रों के युवाओं को खेलों से जोड़ने की पहल

मोगा: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के लिए जिला प्रशासन ने अब खेलों को हथियार बनाया है। नशे से प्रभावित 20 हॉटस्पॉट क्षेत्रों में युवाओं को नशों से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से 60 दिवसीय विशेष अभियान के तहत खेल प्रतियोगिताएं शुरू करवाई गई हैं। प्रतियोगिताओं के पहले दिन विभिन्न गांवों में युवाओं और खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस कार्रवाई या कानूनी सख्ती से नहीं जीती जा सकती, बल्कि इसके लिए समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करना भी जरूरी है। युवाओं को खेलों, शिक्षा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर ही नशे की मांग को कम करने में प्रभावी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना, सहनशीलता और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि नशे से प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को खेल के मैदानों तक लाकर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य नशों की सप्लाई और बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के साथ-साथ युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाना भी है। इसके लिए माता-पिता, पंचायतों, युवा क्लबों, खेल संस्थाओं और सामाजिक संगठनों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी। जिला खेल अधिकारी नवदीप जिंदल ने बताया कि बुधवार को कोट ईसे खां के नूरपुर हकीमां और मद्दारपुर में क्रिकेट, मोगा के घल्ल कलां में एथलेटिक्स, पत्तो हीरा सिंह और मानूके में कबड्डी, बाघापुराना के घोलिया कलां में कबड्डी तथा राजेआना में फुटबॉल प्रतियोगिताएं करवाई गईं।

उन्होंने बताया कि 5 नवंबर को भी विभिन्न गांवों में प्रतियोगिताएं जारी रहेंगी। धर्मकोट और कोट ईसे खां में वॉलीबॉल व क्रिकेट, मोगा के दौलतपुरा में बैडमिंटन, निहाल सिंह वाला के रामा और गगड़ा में कबड्डी, मद्दारपुर में वॉलीबॉल, घल्ल कलां में एथलेटिक्स, पत्तो हीरा सिंह और मानूके में कबड्डी, घोलिया कलां में कबड्डी, राजेआना में फुटबॉल तथा चूहड़चक में वॉलीबॉल मुकाबले करवाए जाएंगे। प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे नशों से दूर रहकर खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और नशा मुक्त मोगा के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें