Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा: चड़िक में किसानों को पराली न जलाने के लिए किया जागरूक

October 28, 2026

मोगा: चड़िक में किसानों को पराली न जलाने के लिए किया जागरूक

चड़िक/मोगा। पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण की समस्या पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से मंगलवार को गांव चड़िक में पराली न जलाने को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना चड़िक के मुख्य अधिकारी एसआई पूर्ण सिंह के नेतृत्व में कृषि विकास अधिकारी यशप्रीत कौर और उनकी टीम ने गांव के विभिन्न खेतों व स्थानों पर पहुंचकर किसानों से सीधा संपर्क किया तथा उन्हें धान की पराली न जलाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान एसआई पूर्ण सिंह और कृषि विकास अधिकारी यशप्रीत कौर ने किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पराली को आग लगाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, जिससे लोगों को सांस संबंधी बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा आग लगाने से जमीन में मौजूद लाभकारी कीट नष्ट हो जाते हैं और मिट्टी के जरूरी पोषक तत्वों को भी नुकसान पहुंचता है। इससे जमीन की उपजाऊ शक्ति प्रभावित होती है।

अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे पराली के उचित प्रबंधन के लिए आधुनिक कृषि मशीनरी का इस्तेमाल करें। उन्होंने सुपर सीडर, हैप्पी सीडर और बेलर जैसी मशीनों के माध्यम से पराली का प्रबंधन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही किसानों को पराली जलाने से संबंधित नियमों का पालन करने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

इस मौके पर गांव के गणमान्य व्यक्तियों और किसानों ने पुलिस व कृषि विभाग की इस पहल का स्वागत किया। ग्रामीणों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे पराली नहीं जलाएंगे और पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए सरकार तथा प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे प्रयासों में पूरा सहयोग देंगे। अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे स्वच्छ वातावरण और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए पराली जलाने से बचें तथा इसके उचित प्रबंधन को प्राथमिकता दें।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें